#सीएम_रोडशो_वार्डों_में_बीजेपी_कमजोर..
भरतपुर। नगर निकाय चुनाव के नतीजों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जबरदस्त दबदबा बनाते हुए बाजी मारी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के रोड शो वाले इलाकों में भी भारतीय जनता पार्टी को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। 7 सितंबर को बिजली घर चौराहे से लक्ष्मण मंदिर तक निकले रोड शो ने जिन 6 वार्डों को कवर किया था, उनमें से भाजपा केवल वार्ड 23 में किरन राणा की जीत दर्ज करवा सकी। शेष पांच वार्डों 24, 25, 31, 37 और 38 में भाजपा उम्मीदवारों को करारी हार का सामना करना पड़ा। इन सभी पांचों सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों राजेंद्र कुमार शर्मा, आरती, भास्कर, अमर सिंह सांवरिया और धीरज कुमार ने जीत हासिल की। स्थिति यह रही कि भाजपा प्रदेश प्रवक्ता की पत्नी कल्पना कौशिक और कांग्रेस के कई प्रत्याशी भी चुनाव हार गए, जिसके चलते अब नगर निगम में बोर्ड बनाने के लिए निर्दलीयों की भूमिका बेहद निर्णायक हो गई है।