बिहार सरकार
समाहरणालय, अरवल
(जिला जनसम्पर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति
अरवल, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 :—
आज दिनांक 08 अक्टूबर 2026 को माननीय मंत्री, पंचायती राज विभाग, बिहार सरकार सह प्रभारी मंत्री, अरवल श्री दीपक प्रकाश द्वारा सोनभद्र वंशी सूर्यपुर प्रखंड में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर–सरकार आपके द्वार’ का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान माननीय प्रभारी मंत्री द्वारा शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की गई। उन्होंने शिविर में उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभुकों तक सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर माननीय प्रभारी मंत्री श्री दीपक प्रकाश द्वारा मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘संबल’ के अंतर्गत दो पात्र दिव्यांगजनों को बैटरी चालित ट्राइसाइकिल प्रदान की गई। इस पहल का उद्देश्य चलन संबंधी दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को आवागमन में सुविधा प्रदान करना, उनकी दैनिक गतिविधियों को सुगम बनाना तथा उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों के कल्याण, सम्मान एवं सशक्तीकरण के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। इन योजनाओं का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सुविधाएँ एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाना है।
जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के मार्गदर्शन में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग, अरवल के माध्यम से मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘संबल’ का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता एवं निर्धारित पात्रता के अनुरूप विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं।
बैटरी चालित ट्राइसाइकिल हेतु पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया
सहायक निदेशक श्रीमती माला कुमारी ,जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग द्वारा बताया गया कि मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘संबल’ के अंतर्गत बैटरी चालित ट्राइसाइकिल का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र चलन दिव्यांगजन, जिनकी दिव्यांगता 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक है, समाज कल्याण विभाग के संबंधित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से घर बैठे आवेदन समर्पित कर सकते हैं।
आवेदन के लिए प्रमुख आवश्यक दस्तावेजों में—
1. सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्गत 40 प्रतिशत अथवा उससे अधिक चलन दिव्यांगता का प्रमाण-पत्र।
2. आधार कार्ड।
3. आवासीय प्रमाण-पत्र।
4. निर्धारित आय सीमा के अनुरूप आय प्रमाण-पत्र (वार्षिक आय ₹2 लाख तक)।
योजना का लाभ निर्धारित पात्रता एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुसार उपलब्ध कराया जाता है।
दिव्यांगजनों को आवश्यकतानुसार उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न सहायक उपकरण
जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग, अरवल द्वारा पात्र दिव्यांगजनों को उनकी दिव्यांगता की प्रकृति एवं आवश्यकता के अनुरूप विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसके अंतर्गत पात्रता एवं योजना के प्रावधानों के अनुसार ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, इलेक्ट्रॉनिक क्रेन, स्मार्टफोन, कृत्रिम अंग (आर्टिफिशियल लिंब) तथा अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। इन उपकरणों का उद्देश्य दिव्यांगजनों की दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना, उनकी गतिशीलता एवं कार्यक्षमता बढ़ाना तथा उन्हें अधिक स्वतंत्र एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने में सहायता प्रदान करना है।
जिला प्रशासन द्वारा बताया गया कि दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर जागरूकता एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़ने तथा आवेदन प्रक्रिया को सुगम बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
माननीय प्रभारी मंत्री ने कहा कि सेवा सेतु शिविर सरकार एवं आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के निर्देशन में जिले के सभी पाँचों प्रखंडों में सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाया जा सके।
जिला प्रशासन, अरवल द्वारा सभी पात्र दिव्यांगजनों से अपील की गई है कि वे मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘संबल’ सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा निर्धारित पात्रता के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर योजनाओं का लाभ उठाएं। आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक मार्गदर्शन के लिए जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग, अरवल से भी संपर्क किया जा सकता है।
जिला जनसम्पर्क पदाधिकारी, अरवल
Arwal, Bihar | Oct 8, 2026