प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, अरवल
दिनांक : 21 नवंबर, 2026
विशेष अभियान दिवस के अवसर पर अरवल जिले के सभी 651 मतदान केंद्रों पर प्राप्त किए जा रहे दावा एवं आपत्तियाँ, 22 नवंबर को भी चलेगा विशेष अभियान
अरवल, 21 नवंबर, 2026 : जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, अरवल श्रीमती अमृषा बैंस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज दिनांक 21 नवंबर, 2026 (शनिवार) को विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिले के सभी 651 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची से संबंधित दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त की जा रही हैं।
इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) पर्याप्त संख्या में प्रपत्र-6, 7 एवं 8 के साथ उपस्थित रहकर निर्वाचकों से मतदाता सूची में नाम जोड़ने, नाम हटाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन से संबंधित आवेदन प्राप्त कर रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कल दिनांक 22 नवंबर, 2026 (रविवार) को भी जिले के सभी 651 मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी संबंधित बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर निर्वाचकों से दावा एवं आपत्तियाँ प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्रीमती अमृषा बैंस द्वारा जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस विशेष अभियान का अधिकाधिक लाभ उठाएँ तथा मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण जाँचकर आवश्यकतानुसार संबंधित प्रपत्र भरकर अपने मतदान केंद्र के बीएलओ को उपलब्ध कराएँ।
जिला प्रशासन, अरवल सभी पात्र नागरिकों की मतदाता सूची में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, अरवल।
Arwal, Bihar | Nov 21, 2026