उपाध्यक्षा मीना परमार ने सफाई की खामी पर 3 घंटे में एक्शन, वीडियो कॉल पर किया चेक
हरियाणा महिला आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने किया कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और एनआईटी का औचक निरीक्षण
छात्राओं से किया सीधा संवाद, मेस, टॉयलेट, हॉस्टल, सफाई और भोजन व्यवस्था की जांच
कुरुक्षेत्र 17 नवंबर हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने कहा कि छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसी भी परिसर में सफाई सुंदरता को प्रदर्शित करता ही है, इसके साथ ही बीमारियों के होने की संभावनाएं भी खत्म हो जाती है। शुक्रवार को हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्षा मीना परमार ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) कुरुक्षेत्र का विस्तृत औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य छात्राओं की सुरक्षा, सुविधा और गरिमापूर्ण वातावरण का जायजा लेना रहा।
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्षा मीना परमार ने सबसे पहले छात्रावास का दौरा किया। उन्होंने हॉस्टल के कमरों, मेस, किचन, टॉयलेट और बाथरूम की साफ-सफाई और भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। उन्होंने मेस में बन रहे खाने को खुद देखा और छात्राओं से खाने के स्वाद और पौष्टिकता के बारे में फीडबैक लिया। निरीक्षण के दौरान एक हॉस्टल के टॉयलेट और कॉरिडोर में सफाई की कमी पाई गई। इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए उपाध्यक्षा मीना परमार ने संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन को 3 घंटे के अंदर पूरी सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। सबसे खास बात यह रही कि तय समय के बाद उन्होंने स्वयं वीडियो कॉल करके दोबारा सफाई व्यवस्था की जांच की और संतुष्ट होने पर ही अधिकारियों को भविष्य में बरकरार रखने को कहा।
उपाध्यक्षा मीना परमार ने हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं के साथ खुला संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, सुरक्षा, हॉस्टल की सुविधाओं और किसी भी प्रकार की परेशानी के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने अपनी कुछ समस्याएं उनके समक्ष रखीं, जिस पर उपाध्यक्षा ने तुरंत संज्ञान लिया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वाईस चांसलर प्रोफेसर सोमनाथ सचदेवा भगवद गीता देकर उपाध्यक्ष मीना परमार का स्वागत किया। इसके साथ-साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने भी उपाध्यक्षा को पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया।
सुरक्षा व्यवस्था मिली पुख्ता, सही स्थानों पर लगे पाए सीसीटीवी
उपाध्यक्षा मीना परमार ने निरीक्षण के दौरान संस्थान के सभी प्रमुख स्थानों, हॉस्टल के प्रवेश द्वार, कॉरिडोर और कैंपस में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए मिले और उनकी लोकेशन भी सही पाई गई। सुरक्षा गार्डों की तैनाती और रजिस्टर मेंटेनेंस भी संतोषजनक मिला।
आईसीसी कमेटी की जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश
उपाध्यक्षा मीना परमार ने कहा कि हर शैक्षणिक संस्थान में आंतरिक शिकायत समिति का गठन अनिवार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि संस्थान में जगह-जगह आईसीसी कमेटी के सदस्यों के नाम, संपर्क नंबर और दिशा-निर्देशों को बड़े-बड़े बोर्ड पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए, ताकि किसी भी छात्रा को जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके। उन्होंने आयोग की तरफ से तैयार किए गए दिशा-निर्देशों और बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी संस्थान के अधिकारियों और छात्राओं को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए कि मिली सभी छोटी-बड़ी कमियों को जल्द से जल्द दूर कर रिपोर्ट आयोग को भेजी जाए। इस अवसर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और एनआईटी के अधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।