#दिनदहाड़े_गुंडाराज..
भरतपुर। शहर के मथुरा गेट थाना इलाके में एक युवक को सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के जरिए झांसा देकर बुलाने, उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने और लूटपाट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना बीते 11 जून की एमएसजे कॉलेज के पास की है, जहां खानवां निवासी अरबाज कुछ सामान खरीदने भरतपुर आया था। इसी दौरान मुबीन नाम के एक युवक ने फर्जी आईडी से मैसेज कर उसे मिलने के लिए कॉलेज के पास सरस बूथ पर बुलाया। अरबाज जब वहां पहुंचा, तो मुबीन अपने चार साथियों के साथ दो बाइकों पर आया और उसे बूथ के पीछे ले जाकर डंडों से पीटना शुरू कर दिया। पीड़ित अरबाज का आरोप है कि आरोपियों ने मिलकर उसकी जमकर पिटाई की और उसकी जेब से 18 हजार रुपए व गले से चांदी की चेन छीन ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पीड़ित ने 13 जून को मथुरा गेट थाने में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल कराया है। पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी मुबीन और उसके साथियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।