#दर्शन_के_लिए_निकले_लेकिन_अंत_हो_गया....!
भरतपुर। सेवर थाना अंतर्गत सेक्टर नंबर 13 आवासीय योजना क्षेत्र में बुधवार शाम को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चोटिल बुजुर्ग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को मृतक के शरीर पर गोली लगने जैसे निशान मिले हैं। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए एक रिश्तेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। फिलहाल, पुलिस ने शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। सेवर थानाधिकारी सतीश चंद शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब चार बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि 13 नंबर सेक्टर योजना में नाले के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की जांच की। मृतक के कुर्ते की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान कालीचरण (65) पुत्र छोटेलाल निवासी लालबाग, बयाना के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि शरीर पर गनशॉट (गोली लगने) जैसे निशान मिले हैं, लेकिन मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। मृतक के परिजन हिमांशु सिंह ने बताया कि बुधवार को कालीचरण को उनके साड़ू के बेटे राजू ने माता के मंदिर में दर्शन कराने के लिए फोन पर बुलाया था। उस समय कालीचरण अपने दो नातियों के साथ थे। उन्होंने नातियों को बताया कि वह राजू के साथ जा रहे हैं। हिमांशु का आरोप है कि इसके बाद कालीचरण की गोली मारकर हत्या कर दी गई और उनका शव भरतपुर की 13 नंबर सेक्टर योजना क्षेत्र में फेंक दिया गया। परिजन हिमांशु सिंह ने दावा किया कि मृतक के शरीर पर दो गोली के निशान हैं। उनके अनुसार एक गोली सीने के पास और दूसरी पेट के हिस्से में लगी है। हिमांशु ने बताया कि कालीचरण धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे और अक्सर माता के जागरण तथा झारपीर बाबा से जुड़े धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते थे। नई सेमरी माता मंदिर दर्शन के लिए भी उन्हें बुलाया गया था। परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए हत्या के पीछे की वजह भी जांच का विषय है।