सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित, योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश।
आज दिनांक 07.10.2026 को उप विकास आयुक्त, शेखपुरा की अध्यक्षता में उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना ,कल्याण विभाग सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में सेवा संकल्प कायाकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न सरकारी भवनों के जीर्णोद्धार एवं नवनिर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अभियान के तहत आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, सामुदायिक भवन, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य आवश्यक सरकारी भवनों को शामिल किया गया है। भवनों के जीर्णोद्धार का कार्य 30 नवंबर 2026 तक तथा नवनिर्माण का कार्य 31 मार्च 2027 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है।
उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि अभियान के अंतर्गत चिन्हित योजनाओं की पोर्टल पर प्रविष्टि दिनांक 07.10.2026 तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करें। साथ ही योजनाओं में नियमानुसार तकनीकी एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करते हुए चालू सप्ताह के अंदर कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त ने योजनाओं के क्रियान्वयन में कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को सचेष्ट करते हुए कहा कि निर्माण एवं जीर्णोद्धार कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्य प्रारंभ होने के पूर्व, कार्य के दौरान तथा कार्य पूर्ण होने के उपरांत उच्च गुणवत्ता वाले फोटो एवं वीडियो उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी को नोडल पदाधिकारी तथा जिला स्तर पर उप विकास आयुक्त, शेखपुरा को नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
सेवा संकल्प कायाकल्प योजना माननीय मुख्यमंत्री जी का महत्वकांक्षी योजना है।
बैठक में निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, शेखपुरा, सिविल सर्जन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी,प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यक्रम पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।