प्रेस विज्ञप्ति
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चम्बा, 08 सितम्बर 2026।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चम्बा द्वारा अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मैहला, जिला चम्बा में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, चम्बा द्वारा की गई।
कार्यक्रम का आयोजन अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस की थीम “Legal Literacy for People, Planet and Prosperity” के अनुरूप किया गया तथा नालसा जागृति योजना, 2025 के अंतर्गत विधिक साक्षरता के महत्व पर विशेष रूप से जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अध्यापकों को साइबर अपराध एवं साइबर धोखाधड़ी, नशा एवं मादक पदार्थ संबंधी कानून, सड़क सुरक्षा एवं मोटर वाहन कानून, बाल संरक्षण एवं बाल विवाह की रोकथाम, ऑनलाइन सुरक्षा, प्राकृतिक आपदाओं एवं अन्य घटनाओं के पीड़ितों को सहायता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य, संवैधानिक लक्ष्यों, एंटी-रैगिंग कानून तथा पर्यावरण संरक्षण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी एवं सामाजिक विषयों पर जागरूक किया गया।
इन विषयों से संबंधित जागरूकता वीडियो भी प्रदर्शित किए गए, जिसके उपरांत विद्यार्थियों एवं अध्यापकों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न एवं जिज्ञासाएं रखी गईं, जिनका समाधान करते हुए आवश्यक विधिक जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान नालसा द्वारा हाल ही में शुरू की गई DAWN, ASHA तथा NALSA (Child Friendly Legal Services for Children) Scheme, 2024 के संबंध में भी प्रतिभागियों को जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 129 विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक साक्षरता को बढ़ावा देना तथा उन्हें उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनों के प्रति जागरूक करना रहा।
Chamba, Chamba | Sep 10, 2026