नशे के खिलाफ एकजुट हों युवा, नशामुक्त समाज का लें संकल्प - राजेश सपरा
बस स्टैंड पर नगर निगम और एंटी करप्शन टीम ने चलाया जागरूकता अभियान, शॉर्ट फिल्मों से बताए नशे के दुष्प्रभाव
यमुनानगर। नगर निगम और एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन के संयुक्त तत्वावधान में यमुनानगर बस स्टैंड पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सापरा, डीएसपी रजत गुलिया, समाज कल्याण बोर्ड की पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक, हरियाणा व्यापारी कल्याण विभाग के पूर्व अध्यक्ष राम निवास गर्ग, नगर निगम की सोशल मीडिया इंचार्ज मुक्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं को जागरूक किया। राजेश सपरा ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। परिवार, सामाजिक संगठनों और प्रशासन को मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए, ताकि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगा सकें।
कार्यक्रम का मंच संचालन एंटी करप्शन एंड क्राइम प्रिवेंशन के नेशनल प्रेसिडेंट अमित मांकट और जूनियर जसपाल भट्टी ने किया। इस दौरान संस्था की टीम ने नशे के कारण होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान को दर्शाती जागरूकता संबंधी शॉर्ट फिल्में प्रदर्शित कीं। फिल्मों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, लवली की टीम ने मधुर संगीत प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को प्रभावशाली बनाया। आयोजन में नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने और युवाओं को जागरूक करने का आह्वान किया गया।
फोटो कैप्शन - कार्यक्रम के प्रतिभागियों को सम्मानित करते मुख्य अतिथि।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग।