महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी, कैंसर से बचाव के लिए समय पर जांच करवाएं : अर्चना गुप्ता
यमुनानगर, 13 अक्टूबर। (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: सेवा संकल्प अभियान ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत डीएवी गल्र्स कॉलेज में महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित करने और वंदे मातरम् के सामूहिक गान के साथ हुआ। इस दौरान छात्राओं को महिला स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, कैंसर से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि महिलाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से जागरूक होने की आवश्यकता है। परिवार और समाज की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए महिलाएं अक्सर अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता नहीं दे पातीं, जबकि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ परिवार और सशक्त समाज की आधारशिला होती है। इसलिए महिलाओं और युवतियों को अपने स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए तथा आवश्यकता पडऩे पर चिकित्सकीय परामर्श और जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी एक गंभीर चुनौती है। विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर और स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है। महिलाओं को इन बीमारियों के संभावित लक्षणों, जोखिम कारकों और समय पर जांच के महत्व की जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे अस्वस्थ जीवनशैली, जंक फूड और धूम्रपान जैसी हानिकारक आदतों से दूर रहें तथा नियमित व्यायाम, योग और संतुलित आहार को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए। जागरूकता, समय पर चिकित्सकीय जांच और विशेषज्ञों की सलाह से कई बीमारियों की पहचान शुरुआती अवस्था में की जा सकती है। उन्होंने छात्राओं को स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास की महिलाओं को भी स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में फरवरी 2026 से एचवीपी वैक्सीन नि:शुल्क लगाई जा रही है। इससे पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सेठ जय प्रकाश पॉलिटेक्निक दामला में चिकित्सा जांच शिविर में भी शिरकत की।
कार्यक्रम में कैपिटल सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के ऑन्कोलॉजी सर्जन डॉ. कुलविन्द्र सोढी व मनप्रीत सोढी ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने विद्यार्थियों को कैंसर के संभावित कारणों, जोखिम कारकों, लक्षणों, रोकथाम और समय पर पहचान के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, तंबाकू और धूम्रपान से दूर रहने, संतुलित आहार लेने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आवश्यक जांच करवाने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों को कम करने में मदद मिल सकती है। उन्होंने छात्राओं को समझाया कि महिलाओं को अपने शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के संबंध में सही जानकारी प्राप्त करना तथा जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ से परामर्श लेना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से बचने और प्रमाणिक चिकित्सकीय सलाह पर भरोसा करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, वरिष्ठï भाजपा नेता धर्मबीर मिर्जापुर, भाजपा प्रदेश सचिव मदन चौहान, जिला महामंत्री नरेन्द्र राणा, जिला महामंत्री प्रवीण खदरी, नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ठसका, पूर्व विधायक बलवंत सिंह साढौरा,पूर्व चेयरपर्सन रोजी मलिक आनंद, पूर्व चेयरमैन रामेश्वर चौहान, मंडल अध्यक्ष अमन सग्गर, संदीप बजाज, पार्षद विभोर पहुजा, पूर्व चेयरमैन रामनिवास गर्ग, वाइस चेयरमैन ओमपाल, नगरपालिका चेयरपर्सन शालिनी शर्मा व डीएवी गल्र्ज कालेज की प्रिंसीपल सुरेन्द्र कौर आदि उपस्थित रहे।