उदयपुर में ‘जागृति’ अभियान का शंखनाद, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश
उदयपुर। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति रोकने और उन्हें मानसिक तनाव से बाहर निकालकर स्वस्थ वातावरण देने के उद्देश्य से उदयपुर पुलिस और पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वावधान में ‘जागृति युवा चेतना, नशा मुक्त जीवन’ अभियान की शुरुआत की गई। आरएनटी मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि, शिक्षक और सैकड़ों विद्यार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम में नशे के दुष्प्रभावों पर नुक्कड़ नाटक के जरिए जागरूकता संदेश दिया गया। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने नशे से संबंधित समस्या या अवैध मादक पदार्थों की सूचना के लिए 8764527201 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया।
अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम, विशेषज्ञों की काउंसलिंग, गोपनीय फीडबैक बॉक्स, नशे की गिरफ्त में आए युवाओं की पहचान, उपचार एवं पुनर्वास तथा परिजनों की काउंसलिंग और लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी।
कार्यक्रम में डॉ. सुरेश गोचर, डॉ. आभा, डॉ. राहुल जैन, डॉ. एम.एम. मंगल, एएसपी उमेश ओझा, एएसपी मुकुल शर्मा और पुलिस निरीक्षक टीना सोलंकी सहित अन्य अधिकारी एवं विशेषज्ञ मौजूद रहे।