स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न, बायोमेट्रिक उपस्थिति के बिना नहीं मिलेगा वेतन; जिला पदाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश: मरीजों के अनावश्यक रेफरल पर लगेगी रोक, बाल मृत्यु की होगी सघन समीक्षा,
आज दिनांक-17.08.2026 को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को चुस्त-दुरुस्त करने तथा आम जनमानस को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कई कड़े और महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला पदाधिकारी द्वारा स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की गई तथा निम्नलिखित प्रमुख निर्देश दिए गए। बैठक के मुख्य बिंदु एवं निर्देश:
1. बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य: अस्पताल में समयबद्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य कर दी गई है। निर्देश दिया गया है कि इसमें ड्यूटी पर आने (In) और जाने (Out) का समय स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बायोमेट्रिक उपस्थिति के बिना किसी भी कर्मी के मानदेय या वेतन का भुगतान नहीं किया जाएगा।
2. अनावश्यक रेफरल पर सख्ती: मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर इलाज मिले, इसके लिए सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों (MOIC) को निर्देशित किया गया है कि वे मरीजों का अनावश्यक रेफरल कम से कम करें। मरीजों को केवल अत्यंत आवश्यकता पड़ने पर ही उच्च स्वास्थ्य संस्थान में रेफर किया जाए।
3. बाल मृत्यु समीक्षा (Child Death Review): शिशु मृत्यु दर को नियंत्रित करने के उद्देश्य से निर्देश दिया गया है कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों एवं संबंधित प्रखंड क्षेत्रों में होने वाली प्रत्येक बाल मृत्यु की सूचना आशा (ASHA) कार्यकर्ताओं के माध्यम से अनिवार्य रूप से प्राप्त की जाए। इससे प्रत्येक बाल मृत्यु का 'चाइल्ड डेथ रिव्यू' कर मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सकेगा और भविष्य के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकेगी।
4. एम्बुलेंस सेवाओं में सुधार: बैठक में जिले में संचालित कुल 15 एम्बुलेंस के संचालन की भी समीक्षा की गई। कुछ एम्बुलेंस का 'रनिंग स्टेटस' संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सभी संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। उन्हें एम्बुलेंस के संचालन और रनिंग स्टेटस में तत्काल सुधार लाने तथा सभी एम्बुलेंस को सुचारू रूप से संचालित रखना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
जिला प्रशासन जिले के नागरिकों को सुलभ, समयबद्ध और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों को उक्त निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।