थरियांव पुलिस की तत्परता से भटका 4 वर्षीय आयांश सकुशल परिजनों को मिला, हाईवे पर टला बड़ा हादसा
फतेहपुर। जनपद के थरियांव थाना क्षेत्र में शनिवार को एक 4 वर्षीय मासूम आयांश के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल खोजकर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। समय रहते पुलिस की सक्रियता से मासूम के हाईवे पर किसी संभावित दुर्घटना का शिकार होने का खतरा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मासूम आयांश रास्ता भटककर बाईपास की ओर पहुंच गया था। सूचना मिलते ही PRV-5104 पर तैनात कांस्टेबल नरेश कुमार और होमगार्ड राजेश कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने हाईवे और आसपास के संपर्क मार्गों पर सघन तलाश अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग आधे घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद कर लिया गया और सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया गया। समय रहते बच्चे के मिल जाने से परिवार ने राहत की सांस ली।