उमंग दिवस पर टिमरनी की छात्राओं को आत्मरक्षा और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
‘जोश टॉक’ के जरिए पुलिस ने बताए गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट और हेल्पलाइन नंबर
अनोखा तीर, टिमरनी। बालिकाओं को सशक्त, जागरूक एवं आत्मरक्षा के प्रति निर्भीक बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिमरनी में उमंग दिवस का आयोजन किया गया। लोक शिक्षण मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी टिमरनी मुकेश गौंड एवं ऊर्जा महिला हेल्पडेस्क की महिला उपनिरीक्षक प्रियंका पाठक ने व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान ‘जोश टॉक’ के माध्यम से बालिकाओं को चुनौतियों का आत्मविश्वास के साथ सामना करने तथा सकारात्मक सोच के साथ अपना भविष्य गढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच की जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी असहज या अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल अभिभावक, शिक्षक या किसी भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी दें। साथ ही बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को ऑनलाइन ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
इस वर्ष उमंग दिवस की थीम “उमंग है तो जिंदगी में रंग है-चुनौतियों से लड़कर, सकारात्मकता से गढ़ेंगे भविष्य” रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपने अधिकारों, सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करना रहा।
Harda, Harda | Sep 22, 2026