जिला चिकित्सालय रतलाम में विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर आयोजित।
55 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं का लिया लाभ
सिविल सर्जन डॉ. ए.पी. सिंह ने बताया कि विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय, रतलाम में 9 सितंबर 2026 को विशेष स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी शिविर का आयोजन किया गया।
इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की थीम “हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात” रही। शिविर का मुख्य उद्देश्य हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात के बाद मरीजों के पुनर्वास, शारीरिक गतिशीलता में सुधार तथा फिजियोथेरेपी के महत्व के प्रति आमजन को जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं फिजियोथेरेपिस्ट द्वारा मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं सेवाएं प्रदान की गईं। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिनेश भूरिया, एम.डी. मेडिसिन डॉ. जीवन चौहान, डॉ. मंजुल वाजपेयी, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. सपना बोरीवाल एवं फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. गायत्री राठौर द्वारा मरीजों का परीक्षण, परामर्श एवं फिजियोथेरेपी संबंधी सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में विशेष रूप से हृदयाघात एवं मस्तिष्क आघात के बाद होने वाली शारीरिक कमजोरी, मांसपेशियों की कमजोरी, चलने-फिरने में परेशानी, जोड़ों की जकड़न एवं दैनिक गतिविधियों में आने वाली कठिनाइयों के संबंध में फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास संबंधी मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में 55 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य एवं फिजियोथेरेपी सेवाओं का लाभ लिया। मरीजों को नियमित शारीरिक गतिविधि, व्यायाम, पुनर्वास तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने फिजियोथेरेपी को आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि समय पर उचित फिजियोथेरेपी एवं पुनर्वास से मरीजों की कार्यक्षमता और आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण सुधार लाया जा सकता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला चिकित्सालय के चिकित्सकों, फिजियोथेरेपी विभाग एवं समस्त स्वास्थ्यकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर का उद्देश्य मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ “स्वस्थ जीवन, बेहतर गतिशीलता और आत्मनिर्भरता” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में RDA अध्यक्ष श्री मनोहरलाल पोरवाल, RDA उपाध्यक्ष श्री गोविंद काकानी, वरिष्ठ सदस्य एवं रोगी कल्याण समिति के सदस्य श्री हेमंत राहोरी, रेडक्रॉस उपाध्यक्ष श्री सुशील मूनत तथा वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एल. तापड़िया उपस्थित रहे।
#jansampark #ratlam
#MadhyaPradesh
3 views | Ratlam, Madhya Pradesh | Sep 9, 2026