लोनार पुलिस का स्पष्टीकरण: युवक की मौत हादसा, हत्या की अफवाहों का किया खंडन
हरदोई। थाना लोनार क्षेत्र के बावन कस्बे में युवक अनुज की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हत्या की खबरों को पुलिस ने भ्रामक और निराधार बताया है। पुलिस के अनुसार जांच में युवक की मौत दुर्घटनावश गिरने से होना सामने आया है।पुलिस के मुताबिक मुजाहिदपुर निवासी कालिका का पुत्र अनुज (30) बावन कस्बे स्थित मिश्रा इलेक्ट्रॉनिक्स पर कार्य करता था और रात में दुकान की रखवाली भी करता था। 22 जून की रात वह शराब के नशे में कस्बे में घूमता हुआ देखा गया था। गश्त के दौरान कोबरा मोबाइल पुलिसकर्मियों ने भी उसे घर जाने की सलाह दी थी।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में अनुज अकेले ही लड़खड़ाते हुए दुकान परिसर में प्रवेश करता और सीढ़ियों के सहारे छत पर जाता दिखाई दिया। जांच में पाया गया कि जिस स्थान पर उसका शव मिला, वहां छत से जमीन के बीच कोई अवरोध नहीं था। ऐसे में आशंका है कि नशे की हालत में संतुलन बिगड़ने से वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे लगी गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई।पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता ने भी पुत्र के नशे का आदी होने की जानकारी दी थी। परिजनों द्वारा शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। साथ ही मृतक के पिता ने थाना लोनार में प्रार्थना पत्र देकर किसी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई न किए जाने का अनुरोध किया है।क्षेत्राधिकारी हरपालपुर प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले की जांच में हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित हत्या संबंधी दावे असत्य और निराधार पाए गए हैं। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Hardoi, Hardoi | Jun 24, 2026