*ऐसी विदाई कम ही देखने को मिलती है... घोड़ी पर सवार होकर निकले सीआई महावीर प्रसाद मीणा, फूलों की बारिश और आतिशबाजी से गूंजा कोटड़ी*
आकोला (रमेश चंद्र डाड) कोटड़ी थाना प्रभारी (सीआई) महावीर प्रसाद मीणा को पूरे कस्बे ने ऐसी भावभीनी और ऐतिहासिक विदाई दी, जिसकी चर्चा देर रात तक होती रही। वर्षों तक कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन के बीच सहज, संवेदनशील एवं जनहितैषी पुलिस अधिकारी की पहचान बनाने वाले सीआई मीणा के सम्मान में आयोजित समारोह जनसैलाब में बदल गया।
कोटड़ी थाना परिसर में आयोजित विदाई समारोह में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। लोगों ने सीआई महावीर प्रसाद मीणा का मालाओं, साफों और दुपट्टों से जोरदार स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में पुलिस और जनता के बीच विश्वास की नई मिसाल कायम हुई तथा आमजन को हर समय त्वरित सहायता मिलने से उनकी कार्यशैली लोगों के दिलों में बस गई।
*घोड़ी पर निकले सीआई, रास्तेभर बरसे फूल*
विदाई समारोह के बाद माहौल उस समय भावुक और उत्साहपूर्ण हो गया, जब सीआई महावीर प्रसाद मीणा को पारंपरिक अंदाज में घोड़ी पर सवार कर थाना परिसर से चारभुजानाथ मंदिर तक भव्य सम्मान जुलूस निकाला गया। जुलूस में सैकड़ों वाहन और बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, डीजे की धुन, जयघोष और आतिशबाजी ने पूरे कस्बे को उत्सव में बदल दिया।
*जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा, जगह-जगह हुआ स्वागत*
जैसे-जैसे जुलूस मुख्य बाजारों से गुजरता गया, वैसे-वैसे लोगों की भीड़ उमड़ती गई। व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों ने जगह-जगह फूलमालाओं से स्वागत किया। कोटड़ी बस स्टैंड पर जेसीबी से की गई पुष्पवर्षा समारोह का सबसे आकर्षक दृश्य रही। लोगों ने मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया।
*स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को भी मिला सम्मान*
इस अवसर पर हाल ही में स्थानांतरित हुए कोटड़ी थाने के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी माला और दुपट्टा पहनाकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
*चारभुजानाथ मंदिर में लिया आशीर्वाद*
भव्य जुलूस का समापन चारभुजानाथ मंदिर प्रांगण में हुआ, जहां सीआई महावीर प्रसाद मीणा ने भगवान चारभुजानाथ के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इसके बाद आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें स्मृति-चिन्ह, साफा और सम्मान-पत्र भेंट कर नागरिकों ने भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार डाबरिया, निवृत्त प्रधान करण सिंह बैरवा, जिला महामंत्री कन्हैयालाल जाट, उप जिला प्रमुख शंकरलाल गुर्जर, उप प्रधान कैलाश सुथार, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सेन, नंदराय मंडल पूर्व अध्यक्ष सुरेश पाराशर
मंडल महामंत्री शिवराज जाट, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष सीताराम रायका, बनवारीलाल शर्मा, नरपत सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष कैलाश तिवाड़ी, जिला परिषद सदस्य भंवर जाट, पंचायत समिति सदस्य राजू तेली, सुदर्शन गाडोदिया, अशोक शर्मा कांटी प्रशासक रतनलाल बलाई सतोला खेड़ा प्रशासक शिवलाल खटीक बडला प्रशासक शिवलाल जाट संपत सुवालका गोपाल सुवालका बनवारी शर्मा पंचायत समिति सदस्य कोटडी जगन्नाथ बलाई लक्ष्मण गाडरी सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी, पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पूरे कस्बे में दिनभर इस ऐतिहासिक विदाई समारोह की चर्चा रही। लोगों का कहना था कि कोटड़ी ने वर्षों बाद किसी पुलिस अधिकारी को इतना आत्मीय सम्मान दिया है और यह विदाई लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी।