हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर में बाबा हरिराम साहब जी का 79वां वार्षिक वर्सी उत्सव कल
-कल होगी धर्मध्वजा (झण्डा साहिब) स्थापना
भीलवाड़ा:पंकज आडवाणी हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर भीलवाड़ा में सतगुरु बाबा हरिराम साहब जी की 79 वीं वार्षिक वर्सी का चार दिवसीय उत्सव आज 14 जुलाई मंगलवार से श्रद्धा और भक्ति के साथ प्रारम्भ हुआ। उत्सव की शुरुआत प्रातःकाल आश्रम परिसर स्थित सतगुरुओं की समाधियों, दरबार साहब, आसण साहब पर शीश नवाने एवं प्रार्थना के साथ हुई। ब्राह्मण मंडलियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन यज्ञ सम्पन्न हुआ। तत्पश्चात् श्री श्रीचंद्र सिद्धांत सागर का अखंड पाठ प्रारंभ हुआ, जिसमें संत-महात्माओं की दिव्य उपस्थिति रही। सत्संग प्रवचनों की श्रृंखला में महंत स्वरूप दास अजमेर ने काहिरा काहिरा संतन जा गुण गायन भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महामण्डलेश्वर स्वामी हंसराम उदासीन ने हम भीखत् भिखारी तेरे भजन की व्याख्या करते हुए परमात्मा एवं सतगुरु से नाम दान देते हुए चरणों से जुड़े रहने की प्रार्थना की। उन्होंने संसार के सुख संसार में ही छोड़ने की भी बात कहते हुए नाम की महिमा बताई। उन्होंने आधुनिकता की दौड़ में बच्चों में घटते धार्मिक संस्कारों पर चिंता जताई और माता-पिता से अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों को समय देकर धर्म और संस्कृति की ओर प्रेरित करें।
इस पावन अवसर पर अन्न क्षेत्र में सेवा, तथा संतों और विप्रजनों के लिए विशेष भण्डारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर दूर-दराज से पधारे संत-महात्माओं में श्रीमहंत स्वरूपदास (अजमेर), श्रीमहंत हनुमानराम (पुष्कर), संत तुलसी करतारी, स्वामी मोहनदास, चंदन (इंदौर) ने संगत को दर्शन लाभ दिया।
उत्सव का दूसरा दिन —
चार दिवसीय वार्षिकोत्सव के अंतर्गत बुधवार 15 जुलाई को धर्म प्रेमियों के लिए विशेष दिन होगा। इस दिन सांयकाल में 5 बजे धर्मध्वजा (झण्डा साहिब) की विधिवत स्थापना आश्रम परिसर में की जाएगी।