श्री चारभुजा नाथ मंदिर कोटड़ी के भेंट पात्र में उमड़ा आस्था का सैलाब, एक दिन में 46.36 लाख रुपये का चढ़ावा
आकोला (रमेश चंद्र डाड) मेवाड़ के प्रसिद्ध आस्था धाम श्री चारभुजा नाथ मंदिर, कोटड़ी में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था एक बार फिर देखने को मिली। मंदिर में प्राप्त दान राशि ने नया उत्साह पैदा कर दिया। मंदिर ट्रस्ट द्वारा जारी विवरण के अनुसार एक ही दिन में कुल 46,36,223 रुपये की राशि विभिन्न माध्यमों से प्राप्त हुई।
ट्रस्ट के अनुसार भेंट पात्र से 36,11,765 रुपये, रसीदों के माध्यम से 2,81,002 रुपये तथा ऑनलाइन माध्यम से 7,43,456 रुपये प्राप्त हुए। इस प्रकार कुल 46,36,223 रुपये का सर्वयोग दर्ज किया गया।
इसके अलावा श्रद्धालुओं ने 532.40 ग्राम चांदी तथा 4 ग्राम 200 मिलीग्राम सोना भी भगवान श्री चारभुजा नाथ के चरणों में अर्पित किया।
मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ट्रस्ट का कहना है कि श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दानराशि का उपयोग मंदिर के विकास, धार्मिक आयोजनों और भक्तों की सुविधाओं के विस्तार में किया जाएगा।