*बस्ती: मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत अनोखी पहल, छात्रा राबिया खातून बनीं एक दिन की थाना प्रभारी हरैया*
*जनपद बस्ती, 16 अक्टूबर 2026।* पुलिस अधीक्षक जनपद बस्ती *ओमवीर सिंह* के आदेश के क्रम में जनपद में *मिशन शक्ति फेज-6.0* अभियान के तहत बालिकाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक बस्ती *श्यामकान्त* के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी हरैया *सुश्री स्वर्णिमा सिंह* के पर्यवेक्षण में आज थाना हरैया पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम के तहत *पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआपार* की छात्रा *राबिया खातून* को बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से *एक दिन का थाना प्रभारी हरैया* बनाया गया।
एक दिन की थाना प्रभारी बनीं राबिया ने थाने पर आने वाली महिलाओं एवं अन्य फरियादियों की शिकायतों को सुना और उनके निस्तारण की प्रक्रिया को समझा। इस दौरान सभी छात्राओं को थाना हरैया की कार्यप्रणाली से अवगत कराने हेतु *महिला शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, थानाध्यक्ष कार्यालय, हवालात, आगंतुक कक्ष एवं मिशन शक्ति कक्ष* का भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक हरैया *संजय कुमार* तथा मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, छेड़छाड़ की घटनाओं की रोकथाम और बालिकाओं के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साथ ही छात्राओं को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीकों और महत्वपूर्ण *हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076, 112, 1098 एवं 1930* के उपयोग के बारे में बताया गया और सभी नंबर नोट कराए गए। बस्ती पुलिस की इस पहल से स्कूली छात्राओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
. संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 16, 2026