*बस्ती: मिशन शक्ति 6.0 के तहत महिला थाने का सराहनीय कार्य, 22 बिछड़े परिवारों को फिर से जोड़ा, सुखी दंपतियों का किया सम्मान * जनपद बस्ती 16 अक्टूबर 2026*
* उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना *मिशन शक्ति अभियान 6.0* के तहत बस्ती पुलिस लगातार महिलाओं और परिवारों के हित में बेहतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में आज महिला थाना परिसर में *परिवार परामर्श केंद्र* द्वारा एक विशेष सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जो जनपद में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देना और टूटते रिश्तों को जोड़कर समाज में एक सकारात्मक संदेश देना था। इस अभियान के तहत महिला थाना द्वारा पूर्व में पारिवारिक विवादों के मामलों में काउंसलिंग और सुलह-समझौते के माध्यम से *22 दंपतियों* के टूटते घरों को फिर से बसाया गया था।
आज उन्हीं 22 सुखी दंपतियों को विशेष रूप से महिला थाने पर आमंत्रित किया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत सभी जोड़ों का पुष्प-गुच्छ और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत के साथ की गई। थाने का माहौल पूरी तरह से पारिवारिक और उत्सव जैसा नजर आ रहा था। इस अवसर पर *महिला थाना अध्यक्ष प्रभारी निरीक्षक शालिनी सिंह* ने सभी जोड़ों से एक-एक करके व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और उनके वर्तमान वैवाहिक जीवन का फीडबैक लिया। यह इस कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।
फीडबैक के दौरान उपस्थित सभी 22 जोड़ों ने एक स्वर में बताया कि महिला थाना एवं परिवार परामर्श केंद्र के सकारात्मक प्रयासों से कराए गए सुलह-समझौते के बाद उनका वैवाहिक जीवन बेहद सुखद और शांतिपूर्ण चल रहा है। अब उनके बीच किसी भी प्रकार का कोई मनमुटाव या विवाद नहीं है और वे अपने परिवार के साथ बेहद खुशी-खुशी जीवन यापन कर रहे हैं।
*महिला थाना अध्यक्ष शालिनी सिंह* के नेतृत्व में महिला थाना की यह पहल इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि आमतौर पर थाने में विवाद और शिकायतें आती हैं, लेकिन यहाँ बिछड़े परिवारों को जोड़कर समाज को जोड़ने का काम किया जा रहा है। शालिनी सिंह के कुशल नेतृत्व और संवेदनशील कार्यशैली की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित जोड़ों को *महिला थाना अध्यक्ष शालिनी सिंह* एवं उनकी पूरी टीम द्वारा स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भेंट किया गया और सभी दंपतियों के उत्तरोत्तर प्रगति और सुखद भविष्य की हार्दिक मंगलकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में महिला हेड कांस्टेबल शांति यादव, प्रीति गुप्ता, बीनू सिंह, महिला कांस्टेबल एकता सिंह व काउंसलर रमेश चंद्र श्रीवास्तव सहित पूरी टीम मौजूद रही। Basti Police
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Oct 16, 2026