#बलरामपुर पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन: एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने यूपी-112 वाहनों और बैरकों का किया बारीकी से निरीक्षण...
#बलरामपुर। रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में शुक्रवार को साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया, जिसका निरीक्षण पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने किया। पुलिसकर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रखने के लिए पहले दौड़ लगवाई गई, जिसके बाद अनुशासन और एकरूपता परखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल का अभ्यास कराया गया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने यूपी-112 के वाहनों, उसमें रखे दंगा नियंत्रण उपकरणों और फर्स्ट एड बॉक्स की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने यूपी-112 के जवानों को आपातकालीन स्थितियों में त्वरित रिस्पांस देने और रिस्पांस टाइम में और सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर स्थित स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, जीडी कार्यालय, कैंटीन, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक और पुलिस भोजनालय का विस्तृत निरीक्षण किया। भोजनालय में उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को परखा, वहीं बैरक व आवासीय परिसर के आसपास सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के संबंध में मातहतों को दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।