लखनऊ में 3 सितंबर को 'स्वदेशी व्यापारी कुंभ':अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल मनाएगा 33वां स्थापना दिवस
व्यापारी दिवस पर देशभर के जुटेंगे व्यापारी प्रतिनिधि
पडरौना में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के लोगों ने प्रेस वार्ता कर की व्यापारी हितों पर चर्चा
नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी विष्णु टिबडेवाल और आलोक श्रीवास्तव ने ली संगठन की सदस्यता
लखनऊ में 8 साल बाद हजारों व्यापारी एक मंच पर इकट्ठा होंगे। 3 सितंबर 2026 को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में स्वदेशी व्यापारी कुंभ होगा। इसमें उत्तर प्रदेश के सभी जिलों और देश के करीब 9 राज्यों से व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश मंत्री और कुशीनगर जिलाध्यक्ष सचिन चौरसिया ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इससे पहले 2018 में लखनऊ के मान्यवर कांशीराम ईको गार्डन में व्यापारी महाकुंभ हुआ था। अब 8 साल बाद स्वदेशी व्यापारी मंच के साथ अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल यह आयोजन कर रहा है।
सचिन चौरसिया ने बताया कि इस व्यापारी कुंभ का मुख्य मकसद व्यापारी समाज को IAS और फौजी जैसा सम्मान दिलाना है। व्यापारी को चोर, जमाखोर या मुनाफाखोर जैसे शब्दों से बदनाम करने की सोच को बदलना है। साथ ही, व्यापारियों के महत्व को सामने लाना और उन्हें सुरक्षित व्यापार का माहौल देना भी इसका उद्देश्य है।
कुंभ का एक और मुख्य उद्देश्य स्वदेशी को बढ़ावा देना है। देश में बने उत्पादों को बढ़ावा देकर भारतीय उत्पादों की पहचान दुनिया भर में मजबूत की जाएगी। खासकर, युवाओं को स्वदेशी व्यापार और उद्योग से जोड़ने और उन्हें सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर जोर रहेगा।
इस आयोजन में व्यापारियों के प्रतिनिधियों को शिक्षक और स्नातक क्षेत्र की तरह विधान परिषद और राज्यसभा में भेजने की मांग उठेगी। ई-कॉमर्स कंपनियों से मुकाबला करने के लिए नियामक आयोग बनाने और जीएसटी से जुड़ी समस्याओं को सुलझाने की मांग भी की जाएगी।
प्रेस वार्ता के बाद अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने आलोक श्रीवास्तव और विष्णु टिबडेवाल को संगठन की सदस्यता दी। कुशीनगर से सैकड़ों व्यापारी बुधवार रात बसों और चार पहिया वाहनों से लखनऊ के लिए निकलेंगे। प्रेस वार्ता में सचिन चौरसिया, कैलाश चाहड़िया, विपिन जायसवाल, अजय गुप्ता ‘हीरो’, प्रदीप लोहिया, अभय अग्रवाल और प्रमोद गुप्ता समेत कई व्यापारी मौजूद थे।
#KushinagarNews #Sandipbansal #व्यापारीएकता