शक्ति से सृजन अभियान के तहत जल एवं प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश
अमृत सरोवर से मां हिंगलाज मंदिर तक निकली भव्य चुनरी यात्रा, विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
==============================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में जुन्नारदेव विकासखंड के गुढ़ी अंबाड़ा क्षेत्र में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक निरंतर चलने वाले ‘शक्ति से सृजन’ अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन एवं विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं, विभिन्न समितियों और नवांकुर संस्थाओं के लिए क्षेत्रीय अध्ययन भ्रमण के साथ ‘नवांकुर सखियों का प्रकृति, संस्कृति, संरक्षण कार्यक्रम’ आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकासखंड समन्वयक श्री संजय बामने ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की तथा ‘शक्ति से सृजन’ अभियान के मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को सामाजिक नेतृत्व एवं रचनात्मक कार्यों में आगे आने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समाजसेवी श्री बुनेश राजबैठे, डॉली साहू, दिशा साहू, नीलम विश्वकर्मा, दुर्गा उईके, इशरत मंसूरी, बबिता नागले, पिंकी साहू, मंजु साहू, पूजा परते, गुंजा यादव, मधु सूर्यवंशी, साक्षी जावरे, अविनाश, ज्योति कुमरे, भरत इवनाती, माया नागवंशी, राकेश यादव, स्वाति उईके, गायत्री उईके, राजेंद्र झरबड़े, तनवीर बानो एवं नीता यदुवंशी ने भी अपने विचार रखे। इसके पश्चात मुख्य मेंटर श्री सरजुलाल विश्वकर्मा ने उपस्थित जनों, छात्र-छात्राओं एवं प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों को पर्यावरण और प्रकृति संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई। सभी ने जल स्रोतों एवं वृक्षों की रक्षा करने का संकल्प लिया।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने की पहल की सराहना - पर्यावरण, प्रकृति एवं जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम में पूर्व जनपद अध्यक्ष जुन्नारदेव श्री राजेश सिरसाम, जनपद सदस्य श्री मन्नूलाल चौकसे एवं ग्राम पंचायत पालाचौराई के सरपंच श्री मुकेश उईके विशेष रूप से उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के इस प्रयास की सराहना करते हुए समाज के लोगों को जल एवं प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों ने संभाली कार्यक्रम की व्यवस्था - आयोजन में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम बीएसडब्ल्यू व एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय अध्ययन भ्रमण के साथ ‘नवांकुर सखियों का प्रकृति, संस्कृति, संरक्षण कार्यक्रम’ में भाग लेकर जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। युवाओं ने कार्यक्रम में अनुशासन बनाए रखने के साथ ही व्यवस्था एवं प्रबंधन को सुचारू रूप से संचालित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अमृत सरोवर से मां हिंगलाज मंदिर तक निकली चुनरी यात्रा - नवांकुर संस्था स्वयं सामाजिक कल्याण एवं विकास समिति, खापा स्वामी की अध्यक्ष श्रीमती अर्चना माहोरे एवं उनके सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में कायाकल्प अमृत सरोवर तालाब पर जल स्रोत पूजन, पंच महाआरती, आनंद अनुभूति, जल संवाद एवं जल शपथ प्रमुख आकर्षण रहे। सामूहिक सहभागिता के साथ दीपदान किया गया। इसके पश्चात अमृत सरोवर से प्रसिद्ध मां हिंगलाज मंदिर तक भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। मंदिर में मातारानी को पूर्ण विधि-विधान से चुनरी एवं पूजन सामग्री अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान माटी पूजन एवं वृक्ष पूजन जैसी पर्यावरण जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का उद्देश्य प्रकृति एवं संस्कृति के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर श्रीमती अर्चना माहोरे, श्रीमती निमांशी रामपुरे, इशरत मंसूरी एवं श्री बुनेश राजबैठे सहित मुख्य मेंटर्स श्री सरजुलाल विश्वकर्मा, श्री गोविंद नंदवंशी, सुश्री योगिता मर्सकोले, श्रीमती दीपा मेश्राम एवं श्री राजकुमार डेहरिया सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh