शामली में भाजपा सभासद को महिला ने कॉलर पकड़कर पीटा:घसीटते हुए कोतवाली ले गई; बोली- मेरे कपड़े खींचे थे, तब मारा
शामली में शनिवार को एक महिला ने भाजपा के सभासद को पीट दिया। महिला ने कॉलर पकड़ा और घसीटते हुए शहर कोतवाली ले गई। पीछे से एक बुजुर्ग सभासद को पीटता रहा।
मामला सुबह करीब 10:30 बजे का है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। विवाद नाला निर्माण को लेकर था।
शुक्रवार रात ठेकेदार नाला बनवाने पहुंचे थे। लेकिन सभासद अनिल उपाध्याय ने काम रुकवा दिया। उनका कहना था कि नाला बनने से पीछे की गली में पानी भर जाएगा। इस बात से लोग नाराज थे। सुबह सभासद नगर पालिका पहुंचे तो लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
सभासद का आरोप है कि पालिकाध्यक्ष के उकसाने पर उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने 2 महिलाओं समेत 6 लोगों पर FIR दर्ज कराई है। इनमें पालिका अध्यक्ष अरविंद, राजकुमार शर्मा उर्फ वैद्यजी, हर्ष, बारू, अर्चना शर्मा और अमरेश शामिल हैं।
शामली के दयानंद नगर (वार्ड-16) के सभासद अनिल उपाध्याय के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शनिवार को वार्ड के लोग और सभासद अनिल उपाध्याय नगर पालिका पहुंचे थे। पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल की मौजूदगी में नाला निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। बातचीत के बाद सभासद वहां से शहर कोतवाली की ओर जाने लगे।
आरोप है कि इसी दौरान वार्ड के लोगों ने उनका पीछा किया। सड़क पर पहुंचते ही लोगों ने सभासद को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कॉलोनी की महिलाओं और ग्रामीणों का आरोप है कि कौशांबी विहार में करीब दो साल से नाला और जलभराव की समस्या बनी हुई है। इसको लेकर सभासद अनिल उपाध्याय से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। आरोप है कि चुनाव में कॉलोनी से सहयोग नहीं मिलने के कारण सभासद विकास कार्यों में बाधा डालते रहे।
कॉलोनीवासियों के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष से शिकायत की, जिसके बाद नाला और सड़क निर्माण का काम शुरू कराया गया।
आरोप है कि 19 सितंबर को अनिल उपाध्याय ने अधिशासी अधिकारी, चेयरमैन और जेई को जानकारी दिए बिना निर्माण कार्य में बाधा डालने की कोशिश की। इसकी शिकायत लेकर कॉलोनी की महिलाएं चेयरमैन से मिलने नगर पालिका पहुंचीं। वहां अनिल उपाध्याय भी अपने कुछ साथियों के साथ पहले से मौजूद थे।
महिलाओं का कहना है कि उन्होंने सभासद से निर्माण कार्य में बाधा नहीं डालने की अपील की। उन्होंने सभासद को बताया कि कॉलोनी के लोग पिछले दो साल से जलभराव की समस्या से परेशान हैं और नाला निर्माण होने से उन्हें राहत मिल सकती है।
महिला ने अभद्रता और मारपीट का लगाया आरोप
एक महिला का आरोप है कि बातचीत के दौरान सभासद अनिल उपाध्याय गुस्सा हो गए और उन्होंने अपशब्द कहे। महिला का आरोप है कि सभासद ने उसके साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। उसने कपड़े खींचने और बाल पकड़कर मारपीट करने का भी आरोप लगाया। महिला के मुताबिक, सभासद ने धमकी दी कि वह सभी को घर से उठवा देंगे।
महिलाओं का कहना है कि इसके बाद अनिल उपाध्याय वहां से जाने लगे। वे और वार्ड के कुछ लोग उनका पीछा करते हुए सड़क तक पहुंचे और उन्हें पकड़कर शामली शहर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया।
शिकायत में महिलाओं ने दावा किया है कि अनिल उपाध्याय पर पहले भी महिलाओं से अभद्रता के आरोप लग चुके हैं। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने और भविष्य में सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
सभासद ने पालिकाध्यक्ष पर उकसाने का लगाया आरोप
सभासद अनिल उपाध्याय ने बताया कि नई कॉलोनी में मकान बनने के बाद पानी की निकासी की समस्या बढ़ गई है। इस संबंध में जिलाधिकारी और नगर पालिका अध्यक्ष को दो बार शिकायत दी गई थी। शनिवार को ईओ और जेई के साथ इसी मामले में बातचीत होनी थी, लेकिन वहां कुछ लोगों से विवाद हो गया।
सभासद अनिल उपाध्याय ने आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल ने लोगों को उकसाया, जिसके बाद उन पर हमला किया गया। उन्होंने मारपीट करने और गिरेबान पकड़कर कोतवाली ले जाने का भी आरोप लगाया है। सभासद ने पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पालिकाध्यक्ष ने आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि उन्होंने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया था। किसी को उकसाने का सवाल ही नहीं है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी।
एसओ बोले- पुलिस को दोनों पक्ष से शिकायत मिली है
शामली शहर के थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायत मिली है। सभासद की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही उचित वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Baghpat, Bagpat | Sep 20, 2026