भाजपा की सोच राष्ट्रहित सर्वोपरि की है और सेवा ही हमारा मूल मंत्र है: डॉ. अर्चना गुप्ता
देश का युवा रोजगार सृजित करने वाला और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व की भूमिका निभाने वाला बन चुका है- डॉ. अर्चना गुप्ता
मोदी और नायब सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाया है- डॉ. अर्चना गुप्ता
यमुनानगर-जगाधरी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता का कार्यकर्ताओं, आधा दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों ने फूल बरसा कर किया भव्य स्वागत, खूब लगे भारत माता की जय, मोदी, नायब और अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के नारे
स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा - यमुनानगर में जो स्वागत और आशीर्वाद मिला है वह नई ऊर्जा देने वाला है व मेरे संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लागू की गई लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम:- डॉ. अर्चना गुप्ता
पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी और हरियाणा की तरह ही पंजाब के लोगों को सुविधाएं मिलेगी: डा. अर्चना गुप्ता
यमुनानगर, 13 जून। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने शनिवार को जगाधरी में आयोजित भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन अन्य राजनीतिक दलों से अलग है। जब दूसरी पार्टियों के संगठन चुनावों के बाद निष्क्रिय हो जाते हैं, तब भी भाजपा का संगठन निरंतर सक्रिय रहकर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में जुटा रहता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के समर्पण, निष्ठा और परिश्रम के बल पर आज विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बनी है, जिसके 14 करोड़ से अधिक सदस्य हैं।
इससे पहले यमुनानगर पहुंचने पर नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों और फूलों की वर्षा करके भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। इसी दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों वाल्मीकि समाज, उत्तराखंड समाज, पाल समाज, अग्रवाल वैश्य समाज, सैनी समाज, राजपूत समाज, चिकित्सक संगठनों तथा उद्योगपति संगठनों ने अलग-अलग स्थानों पर डा. अर्चना गुप्ता का अभिनंदन एवं स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भारत माता की जय, मोदी जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद और अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
अपने स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं और सभी सामाजिक संगठनों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यमुनानगर आगमन पर कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों तथा सामाजिक संगठनों ने जो भव्य एवं आत्मीय स्वागत-अभिनंदन किया है वह सदैव जनकल्याण एवं प्रदेश के विकास के लिए प्रेरणा प्रदान करता रहेगा। कार्यकर्ताओं का अपार उत्साह, संगठन के प्रति समर्पण और नारी नेतृत्व के प्रति सम्मान आज जो देखने को मिला है वह नई ऊर्जा देने वाला है। उन्होंने कहा कि समाज के हर वर्ग का यह प्रेम और सहयोग जनसेवा, संगठन एवं प्रदेश के विकास के प्रति मेरे संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार की योजनाओं ने महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा लागू की गई लाडो लक्ष्मी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर माह 2100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, वृद्धावस्था पेंशन तथा महिला कल्याण से जुड़ी अन्य योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने का आह्वान किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार के ये 12 साल सुशासन, विकास और जनकल्याण के लिए समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि स्किल इंडिया, प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, राष्ट्रीय शिक्षा नीति, मुद्रा योजना, खेलो इंडिया और अप्रेंटिसशिप जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं।
उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रहे स्टार्टअप इकोसिस्टम, डिजिटल क्रांति और खेलों में बढ़ती भागीदारी ने भारतीय युवाओं को नई पहचान दी है। आज का युवा केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजित करने वाला, नवाचार को आगे बढ़ाने वाला और राष्ट्र निर्माण में नेतृत्व की भूमिका निभाने वाला बन चुका है। यही युवा शक्ति आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान कर रही है।
‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के मंत्र से आगामी चुनावों की तैयारी में जुटे कार्यकर्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि पार्टी में कोई भी कार्यकर्ता छोटा या बड़ा नहीं होता। बूथ अध्यक्ष भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि बूथ जीता, चुनाव जीता भाजपा का मूल मंत्र है और इसी सोच के साथ सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों को और अधिक मजबूत बनाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के कारण ही केंद्र और हरियाणा में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने आगामी चुनावों में सभी सीटों पर विजय का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता मेरा बूथ सबसे मजबूत की भावना से कार्य करें।
पंजाब में भी बनेगी भाजपा सरकार
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि पंजाब के लोग भी हरियाणा की तरह विकास, पारदर्शी प्रशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ चाहते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पंजाब में भी भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाने और नशा मुक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोच राष्ट्रहित सर्वोपरि की है और सेवा ही संगठन का मूल मंत्र है।
प्रदेश अध्यक्ष समारोह में पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और वन मंत्री के रूप में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में यमुनानगर में संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और पार्टी नए आयाम स्थापित कर रही है।
बॉक्स -----------
नायब सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह शासन की मिसाल पेश की है- श्याम सिंह राणा
कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार जनकल्याण और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। प्रदेश में बिना पर्ची और बिना खर्ची के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पारदर्शी और जवाबदेह शासन की मिसाल पेश की है। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों के कारण जनता का विश्वास भाजपा पर लगातार मजबूत हुआ है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
मोदी और नायब सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाएं कार्यकर्ता-कंवरपाल गुर्जर
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के कारण ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी और भाजपा और अधिक सशक्त होकर जनता की सेवा करेगी।
विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास और सुशासन को प्राथमिकता देते हुए प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटने का आह्वान किया।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कार्यक्रम में पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा सहित सभी वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सभी के सामूहिक प्रयासों से पार्टी लगातार नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास के बल पर भाजपा प्रदेश और देश में विकास की राजनीति को आगे बढ़ा रही है। उन्होंने सभी अतिथियों का कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार भी व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर, विधायक घनश्यामदास अरोड़ा,जवाहर सैनी, रवि बतान, दीपक शर्मा,चेयरमैन रमेश चंद ठसका,पूर्व चेयरमैन भोपाल सिंह खदरी, जिला महामंत्री नरेंद्र राणा, जिला महामंत्री प्रवीण खदरी, भाजपा हरियाणा उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, ओबीसी मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान, भारत भूषण जुआल, ईश्वर पलाका, ओमपाल, रोजी मलिक आनंद, रामनिवास गर्ग,वरिष्ठ भाजपा नेता नेपाल सिंह राणा, मेयर सुमन बहमनी,भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, सीताराम मित्तल, रामेश्वर चौहान, बिशन लाल सैनी, प्रीति जौहर, निशचल चौधरी, आदित्य चावला, ओमपाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति जौहर, जिला मीडिया प्रमुख कपिल मनीष गर्ग,इंजीनियरिंग ऋषिपाल,जिला सोशल मीडिया प्रमुख विपिन साहनी, जिला आईटी प्रमुख शुभम दत्ता,सुमन चौधरी, पीयूष गोगियान, विपुल गर्ग, रामपाल सिंह नम्बरदार, अंकित गोयल, अंकित अग्रवाल आदि हजारों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहें।
#HVN24 Dr. Archana Gupta