डीएसआर तकनीक से धान उत्पादन को मिलेगा बढ़ावा; 792 एकड़ में प्रोत्साहन कार्यक्रम के तहत किसानों के बीच वितरित किए गए धान बीज
जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार जिला कृषि पदाधिकारी, जहानाबाद द्वारा दक्षिण बिहार के वर्षा आधारित क्षेत्रों में धान उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राज्य प्रायोजित प्रत्यक्षण कार्यक्रम के तहत डायरेक्ट सीडेड राइस (DSR) तकनीक को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में किसानों के बीच धान बीज का वितरण प्रारंभ किया गया है।
कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 792 एकड़ क्षेत्र में डीएसआर पद्धति से धान की खेती के लिए 25 क्लस्टरों का चयन किया गया है। चयनित किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उन्नत किस्म के धान बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
इसके अलावा जिले में 95.04 क्विंटल संकर धान बीज के वितरण के लिए 32 क्लस्टरों में भी बीज वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को उन्नत बीज एवं आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे डीएसआर जैसी जल संरक्षण आधारित वैज्ञानिक तकनीक को अपनाएं। इससे खेती में लागत कम होगी, श्रम की बचत होगी और उत्पादन क्षमता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों को तकनीकी जानकारी और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
जिला प्रशासन एवं कृषि विभाग द्वारा किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार तथा "विकसित भारत, समृद्ध बिहार, आदर्श जहानाबाद" के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऐसे कार्यक्रम लगातार संचालित किए जाएंगे।