जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं समन्वय समिति की बैठक में योजनाओं की समीक्षा, समय पर पूरा करने का निर्देश
जहानाबाद : जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला स्तरीय अनुश्रवण एवं समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की मासिक प्रगति, लंबित मामलों, अंतर्विभागीय समन्वय और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन एवं विभागवार मासिक प्रगति प्रतिवेदन (एमपीआर) की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अनुपस्थित पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने तथा जिन विभागों द्वारा एमपीआर उपलब्ध नहीं कराया गया था, उन्हें अगली बैठक से पहले रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के समयबद्ध निष्पादन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने अंचल अधिकारियों को आंगनबाड़ी केंद्र, महादलित सामुदायिक भवन, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, पंचायत सरकार भवन, महिला पुलिस यूनिट, सड़क निर्माण सहित अन्य विकास योजनाओं के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। लंबित सीमांकन एवं मापी कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा गया।
पंचायत सरकार भवन निर्माण की समीक्षा के दौरान सुगांव पंचायत में उच्च वोल्टेज विद्युत लाइन के कारण बाधित कार्य को देखते हुए विद्युत विभाग को तत्काल पोल एवं लाइन स्थानांतरण कर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को खराब चापाकलों की मरम्मत, हर घर नल का जल योजना से वंचित टोलों में पेयजल उपलब्ध कराने तथा पेयजल समस्या वाले 95 विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, मनरेगा के तहत जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन और वाटर हार्वेस्टिंग से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
आईसीडीएस की समीक्षा में सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों की नियमित स्क्रीनिंग और चिन्हित कुपोषित बच्चों को समय पर पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। एग्री स्टैक योजना की समीक्षा करते हुए मखदुमपुर अंचल में एक माह के भीतर 25 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने तथा औद्योगिक विकास के लिए सभी अंचलों में 100 एकड़ भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में बीएमएसआईसीएल को मुख्यमंत्री के 100 दिवसीय कार्यक्रम के तहत शिलान्यासित 20 योजनाओं का कार्य शीघ्र शुरू कर समय सीमा में पूरा करने को कहा गया। प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को बढ़ावा देने और मध्याह्न भोजन योजना के लिए विद्यालयों में ताजी एवं हरी सब्जियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, दक्षिणी काको के भवन मरम्मत कार्य में तेजी लाने तथा मखदुमपुर स्थित आवासीय विद्यालय भवन का शीघ्र हस्तांतरण कराने को कहा गया। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत मोदनगंज में आउटडोर स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने और प्रत्येक प्रखंड में सक्रिय खेल क्लबों के गठन का निर्देश दिया गया।
वानावर स्थित सर्किट हाउस परिसर के सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण कार्य में तेजी लाने, श्रावणी मेला को बाल श्रम मुक्त रखने तथा खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच कर गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जुलाई माह में तीन होम डिलीवरी के मामले सामने आने पर सिविल सर्जन को चेतावनी देते हुए सभी प्रसव संस्थागत माध्यम से कराने को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जीविका की दीदी की रसोई और सिलाई केंद्रों के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थान उपलब्ध कराने तथा जीविका भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने को कहा गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत अपने आवासों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर स्वच्छ ऊर्जा अभियान में भागीदारी करने की अपील की।
बैठक में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।