8 पंचायतों व नगर निकायों के वार्डों में लगे सहयोग शिविर।
जिला पदाधिकारी ने सहयोग शिविर का लिया जायजा।
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिले की 38 ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों के चिन्हित वार्डों में राज्य सरकार के निर्देश पर "सहयोग शिविर" का आयोजन किया गया। शिविरों में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन दिए। कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया, जबकि शेष आवेदनों के त्वरित निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
शिविरों में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, मनरेगा, भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, कृषि, छात्रवृत्ति एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों और आवेदनों की सुनवाई की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी शुरू की।
जिला पदाधिकारी, श्री तरनजोत सिंह ने मझौलिया प्रखंड की जौकटिया एवं माधोपुर पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया, लाभुकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। वहीं उप विकास आयुक्त श्री काजले वैभव नितिन ने चनपटिया प्रखंड की कुड़वा मठिया, लालगढ़ सहित अन्य पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों तक सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से निष्पादन करें तथा किसी भी पात्र लाभुक को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहने दें।