न्यायोत्सव विधिक सप्ताह के तहत श्रमिकों को दी कानूनों और अधिकारों की जानकारी
________________
पॉक्सो एक्ट, घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा एवं सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
________________
नाबालिगों से जुड़े मामलों में किशोर न्याय बोर्ड की भूमिका और कानूनी प्रावधानों की दी जानकारी
________________
खरगोन 19 नवंबर 2026। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मंडलेश्वर द्वारा अध्यक्ष एवं प्रधान जिला न्यायाधीश श्री अखिलेश जोशी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 14 से 20 नवंबर 2026 तक ‘न्यायोत्सव : विधिक सप्ताह’ 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में 19 नवंबर को एम.एल.डी. फिल्टर प्लांट, भकलाय तहसील महेश्वर में श्रमिकों के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री चन्द्रेश मण्डलोई ने उपस्थित श्रमिकों को पॉक्सो एक्ट एवं किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों से संबंधित मामलों में उनकी उम्र के प्रमाण के लिए आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करना महत्वपूर्ण है। नाबालिगों से जुड़े मामलों में सामान्य जेल के स्थान पर अलग व्यवस्था होती है तथा ऐसे मामलों की सुनवाई किशोर न्याय बोर्ड द्वारा की जाती है।
शिविर में श्रमिकों को घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न, साइबर सुरक्षा, सूचना का अधिकार, मनरेगा एवं मोटरयान अधिनियम के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही शासन की विभिन्न पेंशन योजनाओं, आयुष्मान कार्ड तथा वर्तमान में संचालित मतदाता सत्यापन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर प्रोजेक्ट मैनेजर श्री राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone