मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से मिथुन यादव का साकार हुआ स्वरोजगार का सपना
________________
दूसरों की टैक्सी चलाने वाले मिथुन आज खुद बने वाहन मालिक, 8 लाख रुपये के ऋण से शुरू किया स्वयं का व्यवसाय
________________
खरगोन 19 नवंबर 2026। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से लाभान्वित होकर ग्राम टेमला निवासी श्री मिथुन यादव ने न केवल अपना व्यवसाय स्थापित किया, बल्कि दूसरों के वाहन पर ड्राइवरी करने से स्वयं के वाहन का मालिक बनने तक का सफर भी तय किया है।
श्री मिथुन यादव, निवासी ग्राम टेमला, पोस्ट पीपराड़, तहसील भीकनगांव पूर्व में दूसरों की टैक्सी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके मन में स्वयं का वाहन खरीदकर टैक्सी व्यवसाय शुरू करने की इच्छा थी, लेकिन पर्याप्त पूंजी नहीं होने के कारण वे अपना सपना पूरा नहीं कर पा रहे थे।
इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी मिली। योजना के माध्यम से स्वरोजगार के लिए ऋण उपलब्ध होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, खरगोन पहुंचकर मार्गदर्शन प्राप्त किया तथा बैंक ऑफ इंडिया में ऋण के लिए आवेदन किया। बैंक द्वारा उन्हें 8 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
स्वीकृत ऋण राशि से श्री यादव ने बोलेरो वाहन खरीदा और अपना टैक्सी व्यवसाय प्रारंभ किया। वर्तमान में वे अपने वाहन को एक शासकीय कार्यालय में अटैच कर स्वयं उसका संचालन कर रहे हैं। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त हो रही है और वे अपने परिवार का बेहतर ढंग से भरण-पोषण कर पा रहे हैं।
योजना ने बदली जिंदगी, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना श्री मिथुन यादव के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बनी है। कभी दूसरों के वाहन चलाकर आजीविका अर्जित करने वाले मिथुन अब स्वयं के व्यवसाय के संचालक हैं। उनकी यह सफलता दर्शाती है कि शासन की योजनाओं का उचित लाभ लेकर युवा अपने हुनर और मेहनत के बल पर स्वरोजगार स्थापित कर सकते हैं।
श्री मिथुन यादव का कहना है कि मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और सही मार्गदर्शन से उनका स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का सपना पूरा हुआ है। अब वे आत्मविश्वास के साथ अपने परिवार की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं।
#JansamparkMP #khargone CM Madhya Pradesh