भागलपुर, 20 अगस्त 2026:-* ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के निर्देश के आलोक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत भागलपुर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसी के साथ जिले के सभी प्रखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें योजना के लाभुकों की सहभागिता रही। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का अवलोकन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग मोड के माध्यम से किया गया l कार्यक्रम में योजना के तहत स्वीकृत आवासों से संबंधित स्वीकृति पत्र एवं शुभकामना संदेश का वितरण किया गया। साथ ही, आवास निर्माण पूर्ण कर चुके लाभुकों को उनके नवनिर्मित आवास की प्रतीकात्मक चाभी प्रदान की गई। सभी प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से लाभुकों को योजना के उद्देश्यों, आवास निर्माण की गुणवत्ता तथा समयबद्ध रूप से आवास पूर्ण करने के संबंध में जानकारी दी गई। जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय, भागलपुर द्वारा की गई, जबकि कार्यक्रम का संचालन श्री रवि राकेश, उप विकास आयुक्त, भागलपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अजय मंडल, माननीय सांसद की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके अतिरिक्त श्री बिपिन मंडल, अध्यक्ष, जिला परिषद एवं श्री प्रणव कुमार, उपाध्यक्ष, जिला परिषद की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में श्री दुर्गा शंकर, निदेशक, DRDA, श्री अमर मिश्रा, निदेशक, NEP सहित DRDA के समस्त पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के लाभुकों को आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं तथा उन्हें अपने आवास का उपयोग करते हुए स्वच्छ, सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26) के अंतर्गत जिले को प्राप्त कुल 45,404 आवासों के लक्ष्य के विरुद्ध 44,957 लाभुकों के आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है। स्वीकृत आवासों के विरुद्ध 42,973 लाभुकों के खातों में प्रथम किस्त की राशि अंतरित की गई है। लाभुकों द्वारा निर्धारित स्तर तक आवास निर्माण किए जाने के आलोक में 38,509 लाभुकों के खातों में द्वितीय किस्त तथा 24,395 लाभुकों के खातों में तृतीय किस्त की राशि अंतरित कराई गई है। साथ ही, जिले में अब तक 22,548 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं। शेष निर्माणाधीन आवासों को भी शीघ्र पूर्ण कराने हेतु जिला स्तर एवं प्रखंड स्तर से लगातार अनुश्रवण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लाभुकों से समन्वय स्थापित कर आवास निर्माण को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीघ्र पूर्ण कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
District Administration Patna
Bhagalpur District Administration
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
Banka District Administration
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Rural Development Department, Government of Bihar