कार की सनरूफ खोलकर हुड़दंगबाजी व अभद्र व्यवहार करने के मामले में 3 आरोपी काबू।
वारदात में प्रयोग 1 क्रेटा कार बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 1 नवम्बर । 31 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने पुलिस थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में एक शिकायत के माध्यम से बतलाया कि इसके घर के बाहर गली में एक सफेद रंग की क्रेटा कार का सनरूफ खोलकर कुछ शरारती युवक तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए हुड़दंगबाजी कर रहे थे और उन युवकों ने इसके परिवार के साथ बदतमीजी भी की। प्राप्त शिकायत पर थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
पुलिस थाना सैक्टर-5, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर को उपरोक्त अभियोग की वारदात में शामिल 3 आरोपियों को थाना क्षेत्र से काबू करके अभियोग में नियमानुसार शामिल अनुसंधान किया गया। आरोपियों की पहचान प्रवीन कुमार (उम्र-18 वर्ष) निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव, गुरुग्राम, यश (उम्र-19 वर्ष) निवासी सेक्टर-12, राजीव नगर, गुरुग्राम तथा दिव्यांश (उम्र-22 वर्ष) निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव, गुरुग्राम के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों में अपने दोस्तों के साथ कार की सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाते हुए हाथ लहराकर हुड़दंगबाजी करने तथा राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करना स्वीकार किया है।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त आरोपियों से वारदात में प्रयोग 1 क्रेटा कार बरामद की गई है।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है। अभियोग अनुसंधानाधीन है।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंगबाजी करने, तेज आवाज में म्यूजिक बजाने व यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।