पुलिस ने पलवल हुडा सेक्टर 2 के पास से एक पल्सर सवार युवक से अवैध देसी कट्टा बरामद करने का दावा किया है।
जानकारी ये है।--
002
प्रैस नोट-जिला पलवल
दिनांक 13 नवंबर 2026
*शहर थाना पुलिस टीम ने अवैध हथियार देशी कट्टा व बाइक सहित आरोपी धरा।*
पुलिस अधीक्षक पलवल दीप्ति गर्ग, आईपीएस के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने वाले अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना शहर पलवल के अंतर्गत पुलिस चौकी भवनकुण्ड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध देशी कट्टा और बिना नंबर दिखे घूम रहे एक बाइक सवार युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मामले की जानकारी देते हुए थाना शहर पलवल के अंतर्गत पुलिस चौकी भवनकुण्ड प्रभारी उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि दिनांक 13.11.2026 को पुलिस चौकी भवनकुण्ड में तैनात मुख्य सिपाही राजवीर अपनी टीम के साथ सरकारी मोटरसाइकिल पर हुड्डा सेक्टर-2, नजदीक क्लॉक टावर पर क्राइम गश्त पर मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर खास से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि राजीव कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी दीपक नामक एक युवक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (जिसकी आगे व पीछे की नंबर प्लेट ढकी हुई है) पर अवैध हथियार लेकर हुड्डा सेक्टर-2 की तरफ आ रहा है।
*पीछा कर ऐसे किया काबू:*
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत क्लॉक टावर के पास नाकाबंदी शुरू कर दी। कुछ ही देर में मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक युवक काले रंग की पल्सर बाइक पर आता दिखाई दिया, जिसकी अगली नंबर प्लेट पर अखबार लिपटा हुआ था। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी बाइक को भगाने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता से उसका पीछा किया, जिसके बाद सेक्टर-2 से भटिया कॉलोनी की तरफ भागते हुए रिहायशी मकानों के बीच एक खाली प्लॉट में संतुलन बिगड़ने के कारण आरोपी मोटरसाइकिल सहित नीचे गिर गया, जिसे पुलिस टीम ने मौके पर ही दबोच लिया।
*बरामदगी और कानूनी कार्रवाई:*
पूछताछ में आरोपी की पहचान दीपक पुत्र जसबीर सिंह निवासी राजीव कॉलोनी, बल्लभगढ़, जिला फरीदाबाद के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी से एक अवैध देशी कट्टा बरामद हुआ, तथा बाइक की नंबर प्लेट से अखबार हटाने पर उसका नंबर HR-29 BF-7924 पाया गया। आरोपी बरामद हथियार के संबंध में कोई लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका।
पुलिस ने बरामद देशी कट्टा और पल्सर मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ थाना शहर पलवल में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी से बरामद अवैध हथियार बारे गहन पूछताछ जारी है, जिसे आज माननीय अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की प्रक्रिया की जा रही है।
Palwal, Palwal | Nov 13, 2026