नकली सोना देकर 3 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का दूसरा आरोपी गिरफ्तार
पलवल। थाना हथीन पुलिस ने सस्ता सोना बेचने का झांसा देकर 3 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में गिरोह के दूसरे आरोपी सरफुदीन पुत्र दीन मोहम्मद निवासी गांव मालुका को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
चौकी शहर हथीन प्रभारी एएसआई अनिल कुमार के अनुसार, गाजियाबाद निवासी सुरेश कुमार ने शिकायत दी थी कि आरोपी सद्दाम उर्फ जानी ने सस्ते दामों पर सोना बेचने का झांसा देकर 20 सितंबर 2026 को हथीन रेस्ट हाउस में उससे 3 लाख रुपये लेकर नकली सोना थमा दिया था।
मामले में मुख्य आरोपी सद्दाम उर्फ जानी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर 60 हजार रुपये बरामद कर चुकी है। अब दूसरे आरोपी सरफुदीन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से ठगी की शेष रकम, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद करने के लिए पूछताछ करेगी।
पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, आईपीएस के नेतृत्व में ठगी और जालसाजी के मामलों में कार्रवाई जारी है।
Palwal, Palwal | Nov 13, 2026