*जाम की समस्या के समाधान एवं सुगम यातायात को लेकर जिलाधिकारी महोदय ने दिए आवश्यक निर्देश*
जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने एवं जाम की समस्या के समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश दीक्षित भी उपस्थित रहे
बैठक में बड़े वाणिज्यिक वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने के लिए रूट एवं नो-एंट्री व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया गया। इसके तहत जीरो माइल की ओर से आने वाले बड़े वाणिज्यिक वाहनों के लिए निर्धारित रूट का पालन सुनिश्चित कराने तथा धोबीघाट से बामपाली की ओर वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। कायमनगर से जीरो माइल की ओर आने वाले यातायात के लिए भी निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप संचालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
धनगाईं एवं आसनी क्षेत्र में बड़े वाणिज्यिक वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने तथा धरहरा में दिन के समय आरा शहर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी महोदय द्वारा जिले की क्षतिग्रस्त सड़कों की अविलंब मरम्मति कराने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया। साथ ही, कायमनगर अंडरपास को जल्द से जल्द दुरुस्त कर यातायात के लिए चालू कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक एसपी, ट्रैफिक डीएसपी, जिला खनन पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Arrah, Bhojpur | Sep 12, 2026