✅ आयकर विभाग ने प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया सम्मानित
✅ सतर्कता जागरूकता अभियान के तहत निबंध, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को मिले पुरस्कार
आयकर कार्यालय हरदा द्वारा सतर्कता जागरूकता अभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित निबंध लेखन, पेंटिंग और नारा लेखन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को गत दिवस पुरस्कार वितरित किए गए। 26 अक्टूबर को आयोजित इन प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल, शील्ड, उपहार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधान आयकर आयुक्त-1, भोपाल के नेतृत्व एवं संयुक्त आयकर आयुक्त, परिक्षेत्र-1, श्री सौरभ कुमार शर्मा के निर्देशन में किया गया। आयकर अधिकारी-1 हरदा श्री ललन कुमार सहित विभागीय अधिकारियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। समारोह में कुल 10 पुरस्कारों की घोषणा की गई। निबंध लेखन और नारा लेखन प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए गए। पेंटिंग प्रतियोगिता में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को जीवन में सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शी आचरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में आयकर विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक, प्रतियोगिता में शामिल स्कूलों के प्राचार्य एवं शिक्षक तथा सम्मानित होने वाले विद्यार्थियों के अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयकर अधिकारी श्री ललन कुमार ने सभी अतिथियों, विद्यालयों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#IncomeTax #VigilanceAwareness
#Integrity #Harda #हरदा