सड़क सुरक्षा उपसमिति ने NH-47 इंदौर-अहमदाबाद मार्ग के ब्लैक स्पॉट का किया निरीक्षण
धार, 27 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा उपसमिति द्वारा इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग NH-47 पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला परिवहन अधिकारी, पुलिस, एसडीओ पीडब्ल्यूडी एवं एनएचएआई के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से मौके पर पहुंचकर धुलेट फाटा, चौधरी ढाबा, फूलगांवड़ी फाटा, भेरू चौकी, मांगोद फाटा एवं बोधवाड़ा सहित अन्य दुर्घटना संभावित स्थानों का जायजा लिया गया। इस दौरान सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था तथा दुर्घटनाओं के संभावित कारणों का मौके पर अवलोकन किया गया।
उपसमिति द्वारा निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से रोड इंजीनियरिंग, साइनेज बोर्ड, रिफ्लेक्टर, गति सीमा संबंधी संकेतक, स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था, रोड मार्किंग, कैट्स आई, डिवाइडर, कट सहित अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा सुविधाओं की स्थिति का परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने ब्लैक स्पॉट एवं अन्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपायों की आवश्यकता को चिन्हित किया। संबंधित सड़क विभागों को आपसी समन्वय से आवश्यक कार्यवाही करते हुए सड़क सुरक्षा संबंधी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
सड़क सुरक्षा उपसमिति का उद्देश्य चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा आमजन की यात्रा को अधिक सुरक्षित बनाना है।
#Dhar
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh