पी.जी. कॉलेज में हुआ ‘माय भारत युवा कनेक्ट–खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण
धार, 27 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाराजा भोज शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, धार में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर ‘माय भारत युवा कनेक्ट–खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, राष्ट्रीय सेवा योजना तथा क्षेत्रीय निदेशालय, भोपाल के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, माय भारत स्वयंसेवकों एवं महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेड़ा, विशेष अतिथि कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष श्री दीपक बिड़कर तथा विधायक प्रतिनिधि श्री दीपेंद्र ठाकुर ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजन कर किया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. बघेल के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।
‘खेल की बात पीएम मोदी के साथ’ कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस एवं युवा नेतृत्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जोड़ना है। साथ ही जिला स्तर पर युवाओं को प्रसिद्ध एवं स्थानीय खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों तथा अन्य जनप्रतिनिधियों से जोड़कर उन्हें खेल क्षेत्र की उपलब्धियों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करना है। युवा संवाद के माध्यम से खेल परिवेश, प्रतिभा विकास, सुशासन एवं विकसित भारत को लेकर युवाओं के विचारों, दृष्टिकोण एवं आकांक्षाओं को सामने लाना भी कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के माध्यम से भारत की खेल आकांक्षाओं को विकसित भारत@2047 के विजन से जोड़ते हुए युवा नेतृत्व वाले खेल आंदोलन के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का संदेश दिया गया। वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी की भारत की महत्वाकांक्षा को भी युवाओं के साथ साझा किया गया। देशभर के प्रत्येक जिले से चयनित महाविद्यालयों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार सिंह मेड़ा, श्री दीपक बिड़कर एवं श्री दीपेंद्र ठाकुर ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों में सक्रिय भागीदारी करने तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को खेल के साथ-साथ अध्ययन-अध्यापन में भी अधिक ध्यान देने की आवश्यकता होती है। उन्होंने युवाओं से उनकी रुचियों, खेलों के प्रति दृष्टिकोण एवं भविष्य की आकांक्षाओं को लेकर संवाद किया तथा खेल एवं शिक्षा के बीच संतुलन बनाए रखने के महत्व पर जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं महाविद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के तकनीकी संचालन में डॉ. अमित पाटीदार एवं डॉ. सागर सेन सहित समस्त स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh