कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में आयोजित हुई समीक्षा बैठक, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान और छात्रावास व्यवस्थाओं को लेकर दिए गए निर्देश
धार, 27 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी 29 अगस्त 2026 तथा 03 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले 'मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 2026' की तैयारियों और शासकीय संस्थाओं के निरीक्षण हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों के कार्यों की व्यापक समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आगामी 29 अगस्त को जिला स्तरीय कार्यक्रम नालछा में आयोजित किया जाएगा, जिसके संबंध में संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित स्टॉल लगाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि अधिक से अधिक आमजन लाभान्वित हो सकें। इसके अतिरिक्त, रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किए जाने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर जिला जेल और गौशालाओं में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाने के निर्देश प्रदान किए गए।
जिले में जनजातीय कार्य विभाग, अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग कल्याण, सर्व शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा मिशन, आईटीआई तथा डायट द्वारा संचालित छात्रावासों, आश्रमों और आवासीय परिसरों की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। कलेक्टर ने विभिन्न अधिकारियों को इन संस्थाओं का "नोडल अधिकारी" नियुक्त किया है। कलेक्टर ने आवासीय परिसरों में निवासरत छात्र-छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और सुरक्षा मुहैया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।इसके साथ ही, विद्यार्थियों के शैक्षणिक, खेलकूद एवं सर्वांगीण विकास के लिए सुनियोजित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, जिसके तहत ये नोडल अधिकारी अपनी आवंटित संस्थाओं का नियमित व औचक भ्रमण कर सभी भौतिक और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करेंगे।
कलेक्टर ने छात्रावासों के निरीक्षण को लेकर छात्रावासों के निरीक्षण की रिपोर्ट प्रतिमाह की 3 तारीख तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसी के साथ ही संबंधित अधिकारियों को कहा कि छात्रावासों में आने वाली शैक्षणिक एवं अन्य उपयोग की सभी सामग्रियों का सदुपयोग हो, साथ ही समेकित छात्रावास प्रबंधन नियमों के तहत समितियों का गठन भी किया जाए। प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति का पुनर्गठन कर इसकी नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही, जिला जेल में ई-केवाईसी और आधार कार्ड से संबंधित कैंप लगाए जाने, समस्त अनुविभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही करने, मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण पर विशेष ध्यान देने तथा ग्रामीण स्तर पर आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर भी जनसुनवाई आयोजित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
#Dhar
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh