दीपावली पर्व के उत्साह से सराबोर
भवती के विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश और बनाई मनमोहक रंगोली
बड़वानी 05 नवम्बर 2026/ दीपावली के पावन पर्व के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भवती में उत्साह और उमंग का वातावरण देखने को मिला। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई कर आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा दीपावली की खुशियां साझा कीं।
विद्यार्थी अपने घरों से मिट्टी के दीपक और बातियां लेकर विद्यालय पहुंचे। ये दीपक सायंकाल विद्यालय परिसर को रोशन करेंगे। विद्यार्थियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ के भाव के साथ मिल जुलकर विद्यालय प्रांगण की सफाई की और विभिन्न रंगों के सुंदर संयोजन से मनमोहक रंगोलियां सजाईं। शिक्षकों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उनका मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर शिक्षिका श्रीमती श्रद्धा भट्ट ने विद्यार्थियों को दीपावली के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दीपावली अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान, सद्भावना और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने का संदेश देती है। साथ ही विद्यार्थियों को बिना पटाखों के सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य श्री असलम खान ने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर के विकारों को दूर कर सत्कर्मों का दीप प्रज्वलित करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और विद्यालय के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों द्वारा किया गया यह प्रयास दर्शाता है कि वे अपनी संस्था के प्रति जिम्मेदार और जागरूक हैं। कार्यक्रम का समापन दीपावली की आत्मीय शुभकामनाओं के आदान-प्रदान के साथ हुआ। पूरे विद्यालय परिसर में त्योहार की रौनक और उल्लास का वातावरण बना रहा।
34 views | Barwani, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026