*दीवाली त्यौहार के पहले खाद्य सुरक्षा प्रशासन की सतत कार्रवाई। खेतिया, बोरलाई में मावा, मिठाई, नमकीन आदि के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिए नमूने*।
बड़वानी 5/11/2026 आगामी दीवाली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के उद्देश्य से जिला कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा जिले में लगातार निरीक्षण एवं जांच की कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में दिनांक 05 नवंबर 2026 को खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
खेतिया में कार्रवाई के दौरान आई एकवीरा होटल से बेसन, मैदा, संजय रेस्टोरेंट से सेव, बेसन, कोमल रेस्टोरेंट से सोयाबीन तेल, बालूशाही, कृष्णा दूध डेयरी दूध, मावा, पनीर, कोमल स्वीट्स से रसगुल्ला, नमकीन, राजेंद्र टी स्टॉल से शक्करपारा, मैसूर पाक, सचिन टी स्टॉल से कलाकंद, सेव, नागनाथ उपहार गृह से जलेबी, पपड़ी, नाकोड़ा एजेंसी से गरम मसाला , वनस्पति और रामजी नमकीन से बेसन सहित कुल 19 नमूने जाँच में लिए गए। साथ ही आठ प्रतिष्ठानों में पर्याप्त स्वच्छता न पाए जाने पर कुल 1500 का स्पॉट फाइन नगर परिषद द्वारा किया गया।
इसी प्रकार धनोरा बसाहट, बोरलाई स्थित कामधेनू दूध डेरी का निरीक्षण कर मिलावट की शंका में मावा और मावा बर्फी के नमूने जांच हेतु लिये गये।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा खाद्य कारोबारकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुरूप ही करें। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने एवं उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट एवं गुणवत्ता संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
खेतिया जाँच कार्यवाही में नायब तहसीलदार प्रज्ञा पाटीदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कीर्ति रावत उपस्थित रहे। साथ ही धनोरा बसाहट, बोरलाई की कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज अंचल एवं पटवारी श्री गजेन्द्र सोलंकी उपस्थित रहे।