मुरैना में अवैध रेत माफियाओं पर सख्ती, एसपी और वनमंडलाधिकारी ने चंबल घाटों का किया संयुक्त निरीक्षण
मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ पुलिस-प्रशासन एवं वन विभाग का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना और वनमंडलाधिकारी हरीशचंद्र बघेल ने थाना देवगढ़ एवं सरायछौला क्षेत्र के चंबल नदी के संवेदनशील घाटों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान बरवासिन, खांडोली, सिहोरी, सिकरोदा और अजीतपुरा सहित विभिन्न गांवों एवं घाटों का भ्रमण कर पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा चंबल नदी के घाटों पर आने-जाने वाले वाहनों की नियमित और सघन जांच के निर्देश दिए गए।
संयुक्त टीम ने क्षेत्र के ग्रामीणों से भी संवाद किया और उन्हें अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन जैसी गतिविधियों से दूर रहने की समझाइश दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध रेत कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध रेत उत्खनन, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधीक्षक और वनमंडलाधिकारी ने अधिकारियों को अवैध रेत के भंडारण स्थलों पर संयुक्त कार्रवाई, संवेदनशील घाटों की लगातार निगरानी, रेत परिवहन मार्गों पर सघन चेकिंग तथा रेत कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।