- देशनोक में विधायक व चुनाव प्रभारी ने ली भाजपा की बैठक !!
कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, विधायक भाटी बोले - देशनोक में बनेगा भाजपा का बोर्ड !!
देशनोक, 25 अगस्त।देशनोक नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सियासी तापमान लगातार बढ़ रहा है। कांग्रेस के बाद मंगलवार को करणी मंडल सेवा सदन में भारतीय जनता पार्टी देशनोक मंडल की चुनावी बैठक आयोजित हुई। बैठक में कोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी, नगरपालिका चुनाव प्रभारी पूर्णाराम चौधरी, कोलायत विस्तारक गिरधारी सिंह एवं भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि भाजपा ओछी और घटिया राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रसेवा को समर्पित राजनीति की पक्षधर है। उन्होंने कहा कि देशनोक की जनता से किए गए विकास के वादों को धरातल पर उतारा जा रहा है।
विधायक भाटी ने कहा कि देशनोक की प्रमुख सड़क पर लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या के समाधान तथा करणी माता मंदिर और तेमड़ा राय मंदिर को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण का वादा किया गया था। विधायक निधि कोष से 87.50 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि सड़क निर्माण का कार्य प्रगति पर है।
विधायक भाटी ने पूर्व मंत्री एवं नगरपालिका के तत्कालीन अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि व्यक्तिगत जिद और अहंकार के कारण देशनोकवासियों को अंतिम शवयात्रा तक कीचड़ के बीच से निकालने जैसी पीड़ादायक स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह मार्मिक और शर्मनाक दृश्य आज भी देशनोकवासियों को कचोटता है।
विधायक भाटी ने पार्टी संगठन को लेकर स्पष्ट कहा कि भाजपा में न कोई ग्रुप है और न कोई गुटबाजी। पार्टी का एकमात्र लक्ष्य देशनोक का विकास और जनता की सेवा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि देशनोक नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनने जा रहा है।
सर्वसम्मति और जीत की क्षमता के आधार पर होगा प्रत्याशी चयन
नगरपालिका चुनाव में प्रत्याशियों की दावेदारी को लेकर विधायक भाटी ने कहा कि वार्डवासियों की राय, पार्टी सर्वे और सर्वमान्य एवं जिताऊ उम्मीदवार को प्राथमिकता देते हुए टिकट का निर्णय किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत मतभेदों से ऊपर उठकर पार्टी की जीत के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
चुनाव प्रभारी पूर्णाराम चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक प्रभावी चुनावी रणनीति के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत के लिए आवश्यक गुरुमंत्र देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभानी होगी।
कोलायत विस्तारक गिरधारी सिंह ने कार्यकर्ताओं को भाजपा की रीति-नीति एवं संगठनात्मक कार्यपद्धति से अवगत करवाया तथा चुनाव में अनुशासन और समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी के पक्ष में वातावरण तैयार करने का आह्वान किया।
बैठक का संचालन करते हुए सुशील पड़िहार ने विधायक अंशुमान सिंह भाटी द्वारा देशनोक में करवाए गए विकास कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने देशनोक में ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता को लेकर मांग दोहराई तथा राजकीय महाविद्यालय में व्याप्त कमियों और आवश्यकताओं को विधायक के समक्ष रखा।
वहीं प्रन्यास अध्यक्ष बादल सिंह ने देशनोक में तहसील की मांग प्रमुखता से रखते हुए विधायक भाटी द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने आगामी नगरपालिका चुनाव में पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने और देशनोक नगरपालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने का संकल्प लिया।