साधासर में पहली बार लगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर,
189 यूनिट रक्त संग्रहित
बीकानेर। बीकानेर जिले के नोखा उपखंड में जसरासर तहसील क्षेत्र के गांव साधासर में स्व. श्रीमती संतोष देवी धर्मपत्नी खेताराम बिजारणियां की दूसरी पुण्यतिथि के अवसर पर राजकीय चिकित्सालय साधासर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। बिजारणियां परिवार की ओर से आयोजित शिविर में रक्त संग्रहण के लिए पीबीएम हॉस्पिटल बीकानेर की टीम पहुंची।
साधासर गांव में पहली बार आयोजित हुए रक्तदान शिविर को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। साधासर सहित आसपास के गांवों से पहुंचे युवाओं ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। जरूरतमंद मरीजों की सहायता के उद्देश्य से आयोजित शिविर में युवा वर्ग के साथ महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। शिविर में करीब 189 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में समस्त ग्रामवासियों ने सहयोग करते हुए अपनी भागीदारी निभाई। रक्तदाताओं को आयोजकों की ओर से जूस एवं फल वितरित किए गए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक गिरधारीराम महिया, नोखा प्रधान प्रतिनिधि श्रीराम तरड़, जसरासर सरपंच प्रतिनिधि श्री रामस्वरूप, आरएलपी जिलाध्यक्ष दानाराम घिंटाला, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष नीरू चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें प्रोत्साहन प्रमाण पत्र एवं पौधे वितरित किए। प्रबंधक कानाराम बिजारणियां ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं ग्रामवासियों का आभार जताया।