*कांग्रेस पहले अपने वादों का हिसाब दे, फिर अनुराग ठाकुर के 20 वर्षों का मूल्यांकन करे— उषा बिरला*
"खुद को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले,
खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रज़ा क्या है।"
हमीरपुर
भाजपा वरिष्ठ नेत्री उषा बिरला ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा
कुछ लोग आज माननीय श्री अनुराग सिंह ठाकुर जी के 20 वर्षों के जनसेवा और विकास कार्यों का हिसाब मांग रहे हैं। मैं उन्हें बताना चाहती हूं कि अनुराग जी लगातार पांच बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए विकास, सुशासन और जनसेवा का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत कर चुके हैं, जो पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
अनुराग सिंह ठाकुर जी के प्रयासों से धर्मशाला में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण हुआ, जिसने हिमाचल प्रदेश को वैश्विक पहचान दिलाई तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और पर्यटन के नए अवसर सृजित किए। बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज तथा बहुप्रतीक्षित भानुपल्ली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन परियोजना को गति मिली। धौलासिद्ध हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज, उना में ट्रिपल आईटी, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर, केंद्रीय विश्वविद्यालय जैसी अनेकों योजनाएं अपने संसदीय क्षेत्र में खुलवाई , उन्होंने शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, रिंग रोड परियोजनाओं तथा बेहतर सड़क संपर्क के माध्यम से क्षेत्र के विकास को नई दिशा दी गई।
कोरोना काल जैसी कठिन परिस्थितियों में भी अनुराग जी ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए ऑक्सीजन प्लांट स्थापित करवाए और लोगों को राहत पहुंचाने में अग्रणी भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हजारों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध करवाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों के माध्यम से हजारों युवाओं को खेलों से जोड़ने का कार्य किया गया। "भारत दर्शन" कार्यक्रम के जरिए प्रतिभाशाली और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करवाकर उनके ज्ञान और अनुभव का विस्तार किया गया। गरीब बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग और पोषण सहायता जैसी योजनाओं ने अनेक परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं को बढ़ावा दिया गया, जिसके परिणामस्वरूप आज अनेक बहनें आर्थिक रूप से सशक्त बनकर अपने परिवारों की मजबूती का आधार बनी हैं।
आज जो लोग अनुराग जी के 20 वर्षों का हिसाब मांग रहे हैं, उन्हें पहले यह पूछना चाहिए कि सत्ता में आने से पहले महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने, गोबर खरीदने, दूध खरीदने, युवाओं को रोजगार देने और अन्य कई बड़े-बड़े वादों का क्या हुआ? जनता को बताएँ कि इनमें से कितने वादे पूरे हुए हैं।
अनुराग सिंह ठाकुर जी का विकास कार्य स्वयं बोलता है। जनता ने उनके कार्यों को देखा है, महसूस किया है और इसी कारण उन्हें लगातार अपना आशीर्वाद दिया है। विकास, जनसेवा और राष्ट्रहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही उनकी सबसे बड़ी पहचान है।