डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ₹112.44 लाख की लागत से खरीदे गए वाहनों एवं मशीनरी को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह एवं अध्यक्ष नगरपालिका परिषद नरेंद्र गुप्ता की उपस्थिति में नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन हेतु खरीदे गए नवीन वाहनों एवं मशीनरी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
नगरपालिका परिषद द्वारा 15वें वित्त आयोग की धनराशि से कुल ₹112.44 लाख की लागत से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन एवं स्वच्छता कार्यों के लिए आवश्यक उपकरण एवं मशीनरी क्रय की गई है। इनमें टाटा एससीई ईवी हॉपर टिपर डंपर (1.8 घन मीटर क्षमता) के 05 वाहन, जेसीबी स्किड स्टीयर लोडर (6 इंच, एक बकेट, 50 एचपी) का 01 वाहन तथा टाटा इंट्रा गोल्ड माउंटेड जेटिंग मशीन विथ ट्रैक्टर (1500 लीटर क्षमता) का 01 वाहन शामिल है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार नगरीय क्षेत्रों को स्वच्छ एवं हरित बनाने के लिए स्वच्छता व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए उपलब्ध कराए गए इन वाहनों एवं मशीनरी के माध्यम से नगर की सड़कों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा तथा कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी गति मिलेगी।
जिलाधिकारी ने नगरपालिका के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नवीन वाहनों एवं मशीनरी का प्रभावी एवं समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा इनके रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था में इनका अधिकतम लाभ प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए नियमित रूप से डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन सुनिश्चित किया जाए तथा सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कूड़े को निर्धारित वाहन को ही दें और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में प्रशासन एवं नगरपालिका का सहयोग करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरुण कुमार, अधिशासी अधिकारी लालजीत यादव, सफाई निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला सहित सभासद व संबंधित कर्मचारी उपस्थित थे।