पलवल में एसीबी की तीन बड़ी कार्रवाई, दो नई रेड में पटवारी का सहायक और चौकी इंचार्ज गिरफ्तार
10 हजार और 3 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े, इससे पहले स्कूटी छोड़ने के बदले 9 हजार रुपये लेते दो पुलिसकर्मी भी दबोचे गए
पलवल। पलवल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को एसीबी की पलवल और फरीदाबाद इकाइयों ने दो अलग-अलग रेड कर पटवारी के सहायक और हथीन गेट चौकी इंचार्ज को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। इससे पहले भी स्कूटी छोड़ने के बदले रिश्वत लेने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनके अलावा नगर परिषद पलवल के बिल्डिंग इंसपेक्टर चिम्मनलाल तेवतिया को एक लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथ काबू किया था।
किसी भी पलवल इकाई के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजकुमार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसीबी पलवल इकाई ने पटवारी प्रवेश के सहायक यादराम को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। उन्होंने बताया यादराम ने पैसे पटवारी के नाम से लिए थे इसलिए मुकदमे में पटवारी प्रवेश का नाम भी जोड़ा गया है। जिसे जल्द गिरफ्तार कर किया जाएगा। अभी वह भागा हुआ है।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में एसीबी फरीदाबाद इकाई ने हथीन गेट चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार को 3 हजार रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
इससे पहले स्कूटी छोड़ने के बदले 9 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में डायल-112 पर तैनात कॉन्स्टेबल हरीश और कॉन्स्टेबल दीपक को भी गिरफ्तार किया गया था। आरोप है कि दोनों ने शिकायतकर्ता से स्कूटी छोड़ने के बदले 10 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन बातचीत के बाद सौदा 9 हजार रुपये में तय हुआ। एसीबी ने जाल बिछाकर हरीश को रिश्वत की रकम लेते पकड़ लिया था। पूछताछ के बाद दीपक को भी गिरफ्तार किया गया।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि एसीबी भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में शिकायतों के आधार पर कार्रवाई कर रही है। संबंधित मामलों में आगे की जांच जारी है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।
Palwal, Palwal | Oct 16, 2026