देवप्रयाग में 12.75 किमी लंबे मोटर मार्ग का शिलान्यास
₹16.68 करोड़ की लागत से होगा तोली–चपौली से ग्वालना नगर मोटर मार्ग का निर्माण
देवप्रयाग। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र देवप्रयाग में तोली–चपौली से ग्वालना नगर मोटर मार्ग (स्टेज-I एवं II) एवं पंचवर्षीय अनुरक्षण कार्य का शिलान्यास किया गया। 12.750 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग के निर्माण एवं अनुरक्षण के लिए ₹1668.45 लाख (लगभग ₹16.68 करोड़) की लागत स्वीकृत की गई है।
मोटर मार्ग के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा मिलने के साथ ही आवागमन सुगम होगा। सड़क बनने से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच में भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
कार्य का शिलान्यास देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के कर कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत और जिला उपाध्यक्ष प्रमोद चंद सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
सड़क निर्माण की स्वीकृति और कार्य शुरू होने पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए विधायक विनोद कंडारी का आभार व्यक्त किया।