**शाहजहांपुर में आयोजित हुई संविधान बचाओ संवाद रैली, 2027 में बराबरी के साथ चुनाव लड़ने का संकल्प
**शाहजहांपुर। आज जनपद शाहजहांपुर में कांग्रेस पार्टी द्वारा संविधान बचाओ संवाद रैली का भव्य आयोजन किया गया। रैली में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष एवं विधायक आराधना मिश्रा 'मोना' तथा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी ब्रज जोन, पूर्व विधायक कुणाल चौधरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शाहजहांपुर के साथ-साथ बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद एवं पीलीभीत जनपदों के जिला एवं महानगर अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।
रैली को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदन से लेकर सड़क तक छात्रों, किसानों, नौजवानों, युवाओं, मजदूरों और महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ रही है। इस संघर्ष का परिणाम आगामी विधानसभा चुनाव में भी दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर सहित पूरे प्रदेश में कांग्रेस संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। पार्टी के पास प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मजबूत एवं सक्षम प्रत्याशी हैं। समाजवादी पार्टी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बराबरी के आधार पर चुनाव लड़ेगी। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है और आने वाले समय में प्रदेश की राजनीति में इसका असर दिखाई देगा।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव एवं प्रभारी ब्रज जोन कुणाल चौधरी ने कहा कि ब्रज जोन के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों में कांग्रेस पार्टी की स्थिति पहले की अपेक्षा काफी बेहतर हुई है। संगठन लगातार मजबूत हो रहा है और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की इस मजबूती के परिणाम निश्चित रूप से दिखाई देंगे।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रजनीश गुप्ता 'मुन्ना' ने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का शाहजहांपुर की धरती पर उमड़ा विश्वास और कार्यकर्ताओं का उत्साह यह दर्शाता है कि जनपद में कांग्रेस पार्टी बेहद मजबूत स्थिति में है। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ बराबरी के आधार पर चुनाव लड़ेगी। जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के पास मजबूत दावेदार एवं प्रत्याशी हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ जनता के बीच संघर्ष कर रहे हैं और आने वाले समय में जनपद में परिवर्तन देखने को मिलेगा।
रैली के समापन के पश्चात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने विभिन्न जनपदों से आए जिला एवं शहर अध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर संगठन की स्थिति, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों एवं संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की।
संविधान, लोकतंत्र और जन अधिकारों की रक्षा के संकल्प के साथ आयोजित इस रैली में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उनका जोश देखने योग्य रहा। रैली ने जनपद शाहजहांपुर में कांग्रेस की बढ़ती संगठनात्मक सक्रियता और चुनावी तैयारियों को नई ऊर्जा प्रदान की।
इस मौके पर प्रमुख रूप से महानगर अध्यक्ष तकवीम हसन खान,प्रेम प्रकाश अग्रवाल,कुमुद गंगवार, अनूप वर्मा तनवीर सफ़दर दिनेश कुमार, बिंदेश्वरी राज,संजीव पासी, फरीद अली खान,रामजी अवस्थी, अर्चना कटारिया,रफी उल हसन सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।